Monday, August 31

रक्सौल में भारत-नेपाल बॉर्डर पर 190 किलो गांजा बरामद, छत के तहखाने से हो रही थी तस्करी; तीन गिरफ्तार

रक्सौल (पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)। भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियान में हरैया थाना पुलिस और 47वीं वाहिनी एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। सीमा क्षेत्र स्थित मैत्री ब्रिज के पास चलाए गए सघन वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने दो बोलेरो गाड़ियों से 190.635 किलोग्राम गांजा बरामद किया और मौके से तीन नेपाली तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, नेपाल की ओर से मैत्री ब्रिज होते हुए रक्सौल में गांजे की बड़ी खेप लाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद रक्सौल एसडीपीओ प्रीतिश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। दंडाधिकारी की मौजूदगी में जब चेकिंग शुरू हुई, तो नेपाल की तरफ से आ रही बोलेरो गाड़ियों की छत की सीलिंग में बने विशेष तहखाने (कैविटी) में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।

पहली बोलेरो (BR25P6481) की छत से लाल प्लास्टिक में लपेटकर रखे गए 12 पैकेटों से 98.845 किलो गांजा मिला। वहीं दूसरी बोलेरो (BR05P2628) की छत से 17 पैकेटों में भरा 91.800 किलो गांजा जब्त किया गया।

मौके से पकड़े गए तस्करों की पहचान नेपाल के पर्सा जिला निवासी विष्णुदेव पटेल (पिता- भगन राउत) तथा बारा जिला निवासी रंजन पासवान (पिता- प्रमोद पासवान) और शिवचन्द्र साह कानू (पिता- गभ्रू साह कानू) के रूप में हुई है।

इस सफल कार्रवाई में रक्सौल एसडीपीओ प्रीतिश कुमार, आदापुर के पु०नि० संजय कुमार, रक्सौल के पु०नि० अरविन्द कुमार, हरैया थानाध्यक्ष पु०अ०नि० किशन कुमार पारावान, पु०अ०नि० मिंटू कुमार, सिपाही सुजीत कुमार, गृहरक्षक राजाराम और एसएसबी 47वीं वाहिनी पनटोका के जवान शामिल थे। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!