
रक्सौल (पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)। सीमावर्ती रक्सौल शहर में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध स्मैक और अन्य सामग्री के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सैनिक रोड स्थित माया क्लब के पीछे वाली गली में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री की योजना बनाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छापेमारी की। इस दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया, जिसकी पहचान नकरदेई थाना क्षेत्र के सिरसिया माल निवासी बदरू दोजा (पिता- नेक मोहम्मद देवान) के रूप में की गई है।
तलाशी के दौरान गिरफ्तार युवक के पास से 4.64 ग्राम स्मैक, 32,500 रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक डिजिटल नाप-तौल मशीन और एक बटन वाला मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, बरामद नाप-तौल मशीन और नकद रकम से यह साफ जाहिर होता है कि युवक क्षेत्र में स्मैक की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने के अवैध कारोबार में संलिप्त था।
मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही नशीले पदार्थों के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य धंधेबाजों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से अवैध मादक पदार्थों के कारोबारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।(रिपोर्ट:श्रेयांश कुमार बिट्टू)
