Friday, August 28

रक्सौल को आर्थिक हब बनाने व इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने को लेकर डीएम की अध्यक्षता में ICP में बैठक

रक्सौल (पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)।

माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री (भारत सरकार) की अध्यक्षता में बीते 25 फरवरी को किशनगंज (बिहार) में आयोजित ‘भारतीय भूमि पत्तन प्राधिकरण’ (LPAI) की समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन के क्रम में इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP), रक्सौल में जिला प्रशासन एवं संबंधित हितधारकों की एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक का मुख्य उद्देश्य रक्सौल को एक सुदृढ़ एवं विकसित आर्थिक हब के रूप में स्थापित करना और क्षेत्रीय आधारभूत संरचनाओं का समग्र विकास सुनिश्चित करना है।

​बैठक के दौरान रक्सौल में व्यापारिक व औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ एयरपोर्ट, रेलवे, बस स्टैंड, एनएचएआई (NHAI), टेलीकॉम नेटवर्क प्रदाताओं और टाउन प्लानिंग से जुड़े विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया। रक्सौल की बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों और सीमावर्ती यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बेहतर कनेक्टिविटी, सुगम यातायात प्रबंधन, पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन तथा आधुनिक शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास की संभावनाओं पर कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी।

​इसके अतिरिक्त रक्सौल शहर के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता अभियान, ट्रैफिक व्यवस्था तथा समुचित नगर नियोजन (टाउन प्लानिंग) को लेकर ठोस रणनीति बनाने पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने विभिन्न सरकारी विभागों और स्थानीय हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

​बैठक के अंत में संबंधित विभागों और हितधारकों को अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित प्रस्ताव एवं आवश्यक कार्ययोजना शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि आपसी समन्वय से रक्सौल के सुव्यवस्थित एवं सर्वांगीण विकास की दिशा में तेजी से काम किया जा सके।

बैठक में ये रहे मौजूद:

इस महत्वपूर्ण बैठक में जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव , उप विकास आयुक्त (DDC) डा प्रदीप कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) नागमणि कुमार वर्मा, विशेष कार्य पदाधिकारी (OSD), नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डा मनीष कुमार, पीएचसी प्रभारी डा राजीव रंजन कुमार,एसएसबी (SSB) के प्रतिनिधि, एनएचएआई (NHAI) के अधिकारी, बस एसोसिएशन, चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि तथा एयरटेल (Airtel) व जियो (Jio) जैसी टेलीकॉम कंपनियों के प्रतिनिधियों सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!