Tuesday, August 11

वीरगंज में 52.50 लाख रुपये की संदिग्ध नकदी बरामद, चार गिरफ्तार

बिहार-नेपाल सीमा से सटे पर्सा जिले में नेपाल पुलिस की कार्रवाई, दो बाइक से पहुंचे थे चारों; नकदी के स्रोत की जांच जारी

वीरगंज।(Vor desk)। बिहार-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के पर्सा जिले के वीरगंज में नेपाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 52 लाख 50 हजार रुपये की स्रोत न खुली नकदी बरामद की है। पुलिस ने नकदी के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई वीरगंज महानगरपालिका-10 के आदर्शनगर में सोमवार शाम करीब 6:30 बजे हुई। नेपाल पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी पुष्टि की है। डीएसपी चक्र बहादुर मल्ल ने बताया कि बरामद रकम के स्रोत और इसके इस्तेमाल के संबंध में जांच जारी है।

पुलिस के मुताबिक आदर्शनगर में प्रदेश 2-03-003 प 7215 नंबर की काली सुपर स्प्लेंडर और ना.57 प 5182 नंबर की नीली एफजेड मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। दोनों बाइक पर सवार चार लोगों के पास से अलग-अलग रकम बरामद हुई।

गिरफ्तार लोगों में भारत के बिहार स्थित सीतामढ़ी जिले के डुमरा थाना-6 निवासी 26 वर्षीय सुरज कर्ण, बारा के प्रसौनी गांवपालिका-1 निवासी 32 वर्षीय उपेन्द्र साह और 26 वर्षीय सागरकुमार सर्राफ तथा पर्सा के विन्दवासिनी गांवपालिका-1 झौवागुठी निवासी 25 वर्षीय राहुलकुमार गुप्ता शामिल हैं।

किसके पास कितनी रकम

सुरज कर्ण के पास से एक लाख, उपेन्द्र साह से 18 लाख 16 हजार, सागरकुमार सर्राफ से 18 लाख 34 हजार और राहुलकुमार गुप्ता के पास से 16 लाख रुपये बरामद हुए।

बरामद नकदी में एक हजार रुपये के 4,005 नोट से 40 लाख 5 हजार, 500 रुपये के 2,353 नोट से 11 लाख 76 हजार 500, 100 रुपये के 643 नोट से 64 हजार 300 तथा 50 रुपये के 84 नोट से 4,200 रुपये शामिल हैं।

नेपाल पुलिस ने चारों को बरामद नकदी समेत हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब नकदी के स्रोत, इसके संभावित लेन-देन और वीरगंज तक पहुंचने के कारणों की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!