Tuesday, August 11

भरतमही में 100 छात्राओं को मिले छाते, पार्वती तिवारी ने कहा- बेटियों की राह आसान करना ही सेवा

रक्सौल। (VOR Desk)
राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, भरतमही में सोमवार को काली सेना की ओर से करीब 100 छात्राओं के बीच छाता वितरण किया गया। राष्ट्रीय प्रमुख पार्वती तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में काली सेना की बहनों ने सहयोग किया। छाता मिलते ही छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला।

पार्वती तिवारी ने कहा कि बदलाव के लिए हमेशा बड़ा काम जरूरी नहीं होता, छोटी-सी मदद भी किसी की जिंदगी की राह आसान कर सकती है। हमारा प्रयास है कि बेटियां धूप और बारिश की चिंता किए बिना विद्यालय आएं और अपने सपनों की ओर आगे बढ़ें। बेटियां पढ़ें, आगे बढ़ें और आत्मनिर्भर बनें, यही काली सेना का संकल्प है।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक छोटे लाल राय ने पहल की सराहना करते हुए पार्वती तिवारी और पूरी टीम के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल छात्राओं की जरूरत पूरी करने के साथ समाज में बेटियों के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का संदेश देती है।

छाता पाने वाली छात्राओं में प्रिया कुमारी, अंजू कुमारी, सुमि कुमारी, खुशी कुमारी, निभा कुमारी, नीलाम कुमारी, प्रिया तिवारी, सुजन कुमारी, कोमल कुमारी और शबनम खातून समेत करीब 90 अन्य छात्राएं शामिल रहीं।

कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं अमरान अंसारी, मंज़र हुसैन, मृत्युंजय कुमारी गिरी, रूही प्रिया और शिल्पा कुमारी की उपस्थिति रही। काली सेना की राष्ट्रीय टीम से हीरा देवी, पूर्णिमा देवी, नीलू देवी, असमा खातून, रामकली देवी, तोता देवी, हेवंती देवी और रिंकी देवी समेत अन्य सदस्य तथा समाजसेवी आर्यन तिवारी मौजूद रहे।

लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322 ई के जोनल चेयरपर्सन सह डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन एवं भारत विकास परिषद रक्सौल के सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल सर्राफ ने बधाई देते हुए कहा कि काली सेना के गठन का उद्देश्य अब धरातल पर दिखाई दे रहा है। महिलाओं के स्वावलंबन की दिशा में भी संगठन का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने काली सेना को अपना पूरा सहयोग देने का संकल्प दोहराया।

छाता सिर्फ धूप और बारिश से बचाव का साधन नहीं, बल्कि बेटियों के सपनों के साथ समाज के खड़े होने का संदेश बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!