
रामगढ़वा।(Vor desk)। थाना क्षेत्र के कोठी रोड में सोमवार देर रात एक 18 वर्षीय युवक की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंक दिए जाने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कोठी रोड निवासी गुड्डू कुमार (18), पिता भजू साह के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि गुड्डू बर्फ फैक्ट्री संचालक का पुत्र है,जो फैक्ट्री में बर्फ बनाने का काम देखता था। सोमवार देर रात उसकी हत्या के बाद शव को उसके घर से करीब 200 मीटर दूर सड़क किनारे फेंक दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या के कारणों और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेजने की तैयारी में जुटी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।(रिपोर्ट:पीके गुप्ता)
