
एसआरपी मेमोरियल हॉस्पिटल में सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने किया उद्घाटन, 3 विधायक समेत जनप्रतिनिधि व सामाजिक संगठनों की रही मौजूदगी
रक्सौल, (VOR Desk)। रक्सौल और सीमाई चंपारण क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। एसआरपी मेमोरियल हॉस्पिटल में अत्याधुनिक ब्लड सेंटर का उद्घाटन पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने किया। सेंटर शुरू होने से गंभीर मरीजों को आपात स्थिति में रक्त की व्यवस्था के लिए बीरगंज, मोतिहारी या पटना जाने की परेशानी कम होगी।
समारोह में सुगौली विधायक राजेश कुमार उर्फ बब्लू गुप्ता, नरकटिया विधायक विशाल साह, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. शरत चंद्र शर्मा, लायंस क्लब अध्यक्ष प्रियंका सोनी, रक्तवीर रवि मस्करा और समाजसेवी रणजीत सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
अस्पताल के निदेशक सह मुख्य चिकित्सक प्रो. (डॉ.) सुजीत कुमार ने कहा कि दुर्घटना, गंभीर बीमारी, बड़े ऑपरेशन, कैंसर उपचार और प्रसव जैसी स्थितियों में तत्काल रक्त की जरूरत पड़ती है। स्थानीय स्तर पर पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से मरीजों के परिजनों को दूसरे शहरों की दौड़ लगानी पड़ती थी। ब्लड सेंटर शुरू होने से समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि जरूरत के अनुसार अन्य अस्पतालों के मरीज भी इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे।
स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण पहल
सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने ब्लड सेंटर शुरू करने के लिए अस्पताल प्रबंधन और डॉ. सुजीत कुमार की सराहना की।राजेश कुमार उर्फ बब्लू गुप्ता ने अस्पताल को क्षेत्र के लिए वरदान बताते हुए प्रयास की सराहना की, जबकि विशाल साह ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और डॉ. सुजीत कुमार के प्रयासों की प्रशंसा की।
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. शरत चंद्र शर्मा ने कहा कि रक्सौल में ब्लड सेंटर की शुरुआत स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। आपात स्थिति में समय पर रक्त मिलने से मरीजों के उपचार में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
एसएसबी अधिकारियों ने भी सीमा क्षेत्र में इस सुविधा को महत्वपूर्ण बताया। उद्घाटन के अवसर पर एसएसबी की टीम और लायंस क्लब के सदस्यों ने रक्तदान किया।
मौके पर राजीव गुप्ता, संजय गुप्ता, डॉ. चंदन कुमार, डॉ. संजय मिश्रा, डॉ. अब्दुल्लाह, पवन कुशवाहा, प्रवीण गुप्ता, मो. अली, अरविंद सिंह, देवाशीष कुमार, मो. नबी, अजय पटेल, सीमा वर्णवाल, शंभु प्रसाद चौरसिया, विजय कुमार, गणेश अग्रवाल, बसंत जालान, हेमंत अग्रवाल, पवन किशोर कुशवाहा, रितन देवी, गीता कुशवाहा, ममता गुप्ता, सुशीला अग्रवाल और दीपा कुमारी सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।
रक्तदान करने वालों में राजू कुमार गुप्ता, पंकज वर्णवाल, सुमित भारतिया, नूतन चौरसिया, सारिका जालान और ज्योति अग्रवाल शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. सुजीत कुमार ने अतिथियों, चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, मीडिया प्रतिनिधियों और रक्तदाताओं के प्रति आभार जताया।
