Tuesday, August 4

श्रीराम जानकी म्यूजिकल ग्रुप के संगीत प्रशिक्षण कार्यालय का भव्य शुभारंभभक्ति, संगीत और संस्कृति के संगम का साक्षी बना समारोह; जूही राज ने जताया आभार


रक्सौल। पोस्ट ऑफिस रोड स्थित श्रीराम जानकी मंदिर सह विवाह भवन परिसर में नटराज सेवा संगम के सौजन्य से श्रीराम जानकी म्यूजिकल ग्रुप के संगीत ट्रेनिंग एवं प्रशिक्षण कार्यालय का भव्य शुभारंभ बीती देर शाम श्रद्धा, भक्ति और उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। समारोह में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही।
कार्यक्रम की शुरुआत फीता काटकर, ठाकुर अनुकुल चंद्र के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित करने और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद भजन-कीर्तन और मंगलाचरण ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।
संगीत प्रशिक्षण के साथ संस्कृति से जोड़ना उद्देश्य
कथा व्यास जूही राज ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि श्रीराम जानकी म्यूजिकल ग्रुप का उद्देश्य सिर्फ संगीत प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है। संस्था के माध्यम से भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और भक्ति की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। नए कार्यालय के माध्यम से संगीत साधकों और कलाकारों को व्यवस्थित प्रशिक्षण के साथ बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।
उन्होंने बताया कि भजन संध्या, सांस्कृतिक संध्या, देवी जागरण और अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों के लिए भजनों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से संबंधित जानकारी, कार्यक्रम निर्धारण और बुकिंग का कार्य अब इसी कार्यालय के माध्यम से किया जाएगा।
सांस्कृतिक गतिविधियों को मिलेगा विस्तार : रजनीश प्रियदर्शी
भारत विकास परिषद शाखा रक्सौल के अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने व्यास जूही राज और नरेश कुमार को नए कार्यालय के शुभारंभ पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक संस्थाएं भारतीय संस्कृति, भक्ति परंपरा और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नए कार्यालय से म्यूजिकल ग्रुप की गतिविधियों को अधिक व्यवस्थित और व्यापक स्वरूप मिलेगा।
व्यास नरेश जी ने कहा कि संगीत और भजन ईश्वर की आराधना का सशक्त माध्यम हैं। यह प्रशिक्षण केंद्र धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रतिभाओं को निखारने के साथ समाज में सांस्कृतिक चेतना को नई दिशा देने का काम करेगा।
भजनों से बांधा समां
समारोह में पूर्व आरडीडी ब्रजेश ओझा ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। उपस्थित अतिथियों ने श्रीराम जानकी म्यूजिकल ग्रुप की पहल की सराहना करते हुए इसे भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
समापन के अवसर पर व्यास जूही राज ने अतिथियों, पदाधिकारियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सभी के स्नेह, सहयोग और आशीर्वाद से संस्था आगे भी धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को व्यापक रूप से संचालित करती रहेगी। इसके बाद उपस्थित लोगों का मुंह मीठा कराया गया और नवस्थापित कार्यालय की सफलता की कामना की गई।
समारोह में आरडीडी ब्रजेश ओझा, एम.के. मिशन आवासीय विद्यालय भलूवाहिया रामगढ़वा के निदेशक ध्रुव नारायण कुशवाहा, संगीत गुरु संजय दास, सिंगर अमृता, नटराज सेवा संगम के पन्नालाल प्रसाद, श्यामा जायसवाल, धीरज कुमार, अजय कुमार, बैज जायसवाल, सन्नी पटेल, अंकेश्वर सर्राफ, अशोक कुमार, पूरन पटेल, सरोज गिरि और पिंटू समेत अनेक सदस्य एवं नगर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!