
रक्सौल।(Vor desk)। शहर के लक्ष्मीपुर स्थित कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में जेईई-मेन, जेईई-एडवांस, गेट और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य देवेश कुमार पाण्डेय ने की, जबकि निदेशक विकास गिरी ने सफल विद्यार्थियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में नीट परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं रागिनी कुमारी मिश्रा, पीयूष कुमार, जान्हवी कुमारी, मो. साहिल, राहुल कुमार, अनमोल कुमार, गर्व कुमार और निकहत प्रवीण को सम्मानित किया गया। इस दौरान सफल विद्यार्थियों के अभिभावक भी मौजूद रहे।
विद्यालय के निदेशक विकास गिरी ने कहा कि इस शैक्षणिक सत्र में विद्यालय के छह से अधिक छात्र-छात्राओं का चयन नीट और जेईई में हुआ है, जो विद्यालय परिवार के साथ-साथ पूरे रक्सौल के लिए गर्व की बात है। उन्होंने सफल विद्यार्थियों से आगे भी मेहनत और निष्ठा के साथ पढ़ाई जारी रखने तथा मेडिकल व इंजीनियरिंग की शिक्षा पूरी कर देश की सेवा करने का आह्वान किया।
प्राचार्य देवेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए विषयों की बुनियादी समझ मजबूत होना जरूरी है। विद्यालय की टीम विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही बेसिक पाठ्यक्रम को बेहतर तरीके से समझाकर प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करती है। इसका परिणाम विद्यार्थियों के बेहतर प्रदर्शन के रूप में सामने आया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन भविष्य में परिणाम को और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास करेगा।
कार्यक्रम में अभिभावक ओमप्रकाश मिश्रा, जन्मेजय श्रीवास्तव, नीतू कुमारी, छोटेलाल प्रसाद, धर्मेन्द्र कुमार वर्मा और रूबी वर्मा के अलावा उप प्राचार्य सर्वेश कुमार पाण्डेय, शिक्षक प्रभात रंजन मिश्रा, डॉ. शशि रंजन सिंह, धीरज कुमार गुप्ता, संदीप सागर, दिलीप कुमार कुशवाहा सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक व कर्मी उपस्थित रहे।
