Tuesday, August 4

सावन की रंगीन छटा में सजा रक्सौल, धूमधाम से मना 9वां ‘सुरंगों सावन’ महोत्सव

फैन्सी ड्रेस, गीत-संगीत और नृत्य ने बांधा समां; राखी, सजावटी सामान व व्यंजनों के स्टॉल रहे आकर्षण

रक्सौल।(Vor desk)। सावन की हरियाली, परंपरा और उल्लास के बीच मंगलवार को बैंक रोड स्थित श्री सत्यनारायण मारवाड़ी पंचायती मंदिर परिसर में अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, रक्सौल शाखा का 9वां ‘सुरंगों सावन’ महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में महिलाओं, बच्चों और परिवारों की बड़ी भागीदारी रही। पूरे परिसर को सावन थीम पर आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री सत्यनारायण मारवाड़ी मंदिर ट्रस्ट के सचिव कैलाश चन्द्र काबरा, महेश अग्रवाल, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रिती खण्डेलवाल, शाखा अध्यक्षा सोनू काबरा, प्रांतीय अंचल प्रमुख एवं निवर्तमान अध्यक्षा वीणा गोयल, सचिव रचना रुंगटा, ज्योति राज गुप्ता, शारदा कला केन्द्र की संचालिका शिखा रंजन, राजकुमार अग्रवाल एवं सीताराम गोयल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कैलाश चन्द्र काबरा ने महिला सम्मेलन के समाज सेवा, महिला सशक्तीकरण और सांस्कृतिक संरक्षण के कार्यों की सराहना की।

महोत्सव में फैन्सी ड्रेस प्रतियोगिता में नन्हे प्रतिभागियों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं सम्मेलन की सदस्याओं ने हिन्दी, भोजपुरी और मारवाड़ी गीतों एवं नृत्य से समां बांध दिया। प्रतिभागियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।

महोत्सव में लगे सजावटी सामान, डिजाइनर परिधान, राखी और घरेलू उत्पादों के स्टॉल पर खरीदारी के लिए भीड़ रही। सेल्फी प्वाइंट युवाओं और महिलाओं के आकर्षण का केंद्र रहा, जबकि चाट, गोलगप्पे व अन्य व्यंजनों के स्टॉल पर देर शाम तक भीड़ जुटी रही।

शाखा अध्यक्षा सोनू काबरा ने अतिथियों और आगंतुकों का आभार जताते हुए सेवा, संस्कार और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य जारी रखने की बात कही। इस दौरान शाखा के अब तक किए गए सेवा एवं सामाजिक कार्यों का प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया गया।

आयोजन में वीणा गोयल, सोनू काबरा, रचना रुंगटा, कोषाध्यक्ष संगीता अग्रवाल, शिप्रा सिकारिया, अनुराधा शर्मा, ज्योति शर्मा, सारिका अग्रवाल, सुनीता शाह, सुमन अग्रवाल, सुशीला अग्रवाल, शिखा रंजन, खुशबू भरतिया, शिल्पा भरतिया, बबली अग्रवाल, रेणु रुंगटा, बबीता रुंगटा, अनुजा अग्रवाल, मधु अग्रवाल, नीलम खेतान और आशा केशान सहित सम्मेलन की सभी सदस्याओं की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!