
रक्सौल।(Vor desk)। रक्सौल-भेलाही सैनिक रोड खंड के सिसवा तिलावे नदी पुल पर रविवार सुबह स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान आयशा खातून, पति सिकंदर मियां, निवासी मशवास, पश्चिम चंपारण के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, आयशा खातून अपने बेटे अहसान मियां के साथ बाइक से रक्सौल से घर लौट रही थीं। इसी दौरान पश्चिम चंपारण की ओर से आ रही स्कॉर्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में आयशा खातून की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे उनके बेटे अहसान मियां बाल-बाल बच गए।हालाकि मामूली जख्मी हुए है। काफी चोट आई है।
अहसान मियां के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह बाइक से दूर जा गिरे। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कॉर्पियो की चपेट में आने से उनकी मां की मौत हुई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया। वाहन लालपरसा, पश्चिम चंपारण का बताया जा रहा है।उसकी फोटो,वाहन नम्बर की तस्वीर ली गई है।
परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि मौके पर एक व्यक्ति को पुलिस ने नियंत्रण में लिया था, लेकिन उसका बयान दर्ज करने के बाद छोड़ दिया गया। परिजनों का कहना है कि उसे थाने ले जाकर पूछताछ की जानी चाहिए थी। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना के बाद पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई।
पुल के एप्रोच को लेकर भी उठे सवाल
स्थानीय लोगों और परिजनों ने सिसवा तिलावे पुल के एप्रोच के धंसे होने का मुद्दा उठाया है। उनका कहना है कि सड़क की खराब स्थिति को लेकर पर्याप्त सांकेतिक चिह्न या सूचना बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। लोगों के अनुसार, इससे वाहन चालकों को सड़क की स्थिति का समय रहते अंदाजा नहीं हो पाता और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
पुलिस जांच और आधिकारिक रिपोर्ट के बाद ही हादसे की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
