
रानीघाट में टायर जलाकर प्रदर्शन; निषेधाज्ञा हटी, बाजार-यातायात सामान्य, 65 लोगों की गिरफ्तारी
वीरगंज।(Vor desk)। सुनसरी और सिरहा की घटनाओं के विरोध में तराई-मधेश के विभिन्न जिलों में जारी प्रदर्शन के बीच शनिवार को वीरगंज के रानीघाट में पुलिस और प्रदर्शनकारी युवाओं के बीच झड़प हो गई। सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन कर रहे चार युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया, जिन्हें देर शाम छोड़ दिया गया। इसके बाद शहर में स्थिति सामान्य बनी हुई है।
जिला पुलिस कार्यालय पर्सा के प्रवक्ता डीएसपी चक्रबहादुर मल्ल के अनुसार, रानीघाट में टायर जलाकर सड़क पर हंगामा कर रहे चार युवकों को पुलिस ने नियंत्रण में लिया था। वहीं, हिंदूवादी नेताओं का दावा है कि रानीघाट में धार्मिक बैनर फाड़े जाने के विरोध में युवक प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने पुलिस पर कार्रवाई का आरोप लगाते हुए युवकों की तत्काल रिहाई की मांग की थी।
वीरगंज में युवक से मारपीट, एक गिरफ्तार
तनाव के बीच वीरगंज-2 स्थित ईदगाह चौक के पास शुक्रवार शाम मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में 18 वर्षीय समीर अंसारी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, छपकैया निवासी अंसारी ने पुराने व्यक्तिगत विवाद को लेकर वीरगंज-16 इनरवा निवासी 18 वर्षीय रंजीत यादव के साथ मारपीट की। यादव के नाक और होंठ में चोट आई है। उनका प्रभु अस्पताल में आईसीयू में उपचार हुआ।
डीएसपी चक्रबहादुर मल्ल ने बताया कि आरोपी से पूछताछ कर जांच की जा रही है। पुलिस ने घटना को सांप्रदायिक रंग न देने और अपुष्ट सूचना प्रसारित नहीं करने की अपील की है।
वीरगंज से निषेधाज्ञा हटाई गई
तनाव की स्थिति में सुधार के बाद पर्सा जिला प्रशासन ने वीरगंज में लागू निषेधाज्ञा हटा दी है। इसके बाद शनिवार से बाजार पूरी तरह खुल गए और यातायात तथा उद्योग-व्यवसाय की गतिविधियां सामान्य होने लगीं। प्रशासन के अनुसार शहर में स्थिति नियंत्रण में है।
सुनसरी, सिरहा और धनुषा से भी कर्फ्यू हटा लिया गया है। हालांकि, प्रशासन और सुरक्षा निकाय संभावित तनाव को देखते हुए सतर्क हैं।कई जगह निषेधाज्ञा जारी है।
हेलीकॉप्टर से लाया गया गणेश यादव का शव
इधर, सिरहा गोलीकांड में मारे गए गणेश यादव का शव हेलीकॉप्टर से लाया गया। बाद में उनके शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। सुनसरी और सिरहा में पुलिस की गोली से तीन युवकों की मौत के बाद तराई-मधेश के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन शुरू हुए थे।
गृह मंत्री ने आंदोलनरत पक्ष से की वार्ता
पूरे घटनाक्रम को लेकर गृह मंत्री सुदन गुरुङ सक्रिय हैं। उन्होंने शनिवार को जनकपुर में आंदोलनरत पक्ष से वार्ता शुरू की। धनुषा जिला प्रशासन कार्यालय परिसर स्थित अधिकृत संगम में हुई वार्ता में हिंदू सम्राट सेना और स्थानीय क्लबों के प्रतिनिधि शामिल हुए। संघीय सांसद मनिष झा और राजकिशोर महतो भी वार्ता में मौजूद रहे।
सरकार का कहना है कि वार्ता और संवाद के जरिए सामाजिक सद्भाव कायम रखते हुए समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
सात जिलों में 65 लोग गिरफ्तार
नेपाल पुलिस के ताजा आंकड़ों के अनुसार सामाजिक एवं धार्मिक सद्भाव बिगाड़ने के आरोप में सात जिलों से 65 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें धनुषा 45, सर्लाही 9, सिरहा 5, महोत्तरी 2, पर्सा 1, सप्तरी 1 और सुनसरी 2 लोग शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, भ्रामक सूचना फैलाने, समुदायों के बीच तनाव पैदा करने वाली अभिव्यक्ति देने और स्थानीय स्तर पर अशांति फैलाने वाली गतिविधियों के मामलों में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों और भड़काऊ सामग्री पर विश्वास नहीं करने तथा सोशल मीडिया पर अपुष्ट सूचनाएं प्रसारित नहीं करने की अपील की है।
