Saturday, August 1

सफाई व्यवस्था ठप, महामारी फैली तो सरकार जिम्मेदार : रवि मस्करा

तीसरे दिन भी नगर परिषद में तालाबंदी, निकाय कर्मियों की हड़ताल जारी; राजद ने दिया समर्थन

रक्सौल। नगर परिषद कर्मियों की तीन सूत्री मांगों को लेकर जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रही। इस दौरान नगर परिषद के तुमड़िया टोला स्थित प्रशासनिक कार्यालय और मुख्य पथ स्थित जन सुविधा केंद्र में तालाबंदी रही। सफाई कर्मियों के हड़ताल पर रहने से शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित है।

हड़ताली कर्मचारियों के समर्थन में राजद जिला प्रवक्ता रवि मस्करा नगर परिषद कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी बारिश, धूप और विषम परिस्थितियों में रोज शहर की सफाई करते हैं, लेकिन उन्हें पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलतीं। दैनिक मानदेय, छुट्टी व महिला कर्मियों को मासिक अवकाश की सुविधा नहीं है। जूता, ड्रेस, दस्ताना और मास्क जैसी सुरक्षा सामग्री भी उपलब्ध नहीं कराई जाती।

मस्करा ने कहा कि सफाई कर्मचारियों और ड्राइवरों को नियमित करने के साथ उन्हें ईएसआई, ईपीएफ, एसीपी/एमएसीपी सहित वैधानिक लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि नगर परिषद के अधिकारियों व अन्य कर्मचारियों को सुविधाएं मिलती हैं तो सफाई कर्मचारियों को क्यों नहीं।

उन्होंने कहा कि दो दिनों से सफाई बाधित होने से शहर में गंदगी और सड़ांध फैलने लगी है। यदि स्थिति लंबी चली और डेंगू, हैजा, मलेरिया जैसी बीमारी फैलती है तो इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। उन्होंने सरकार से तत्काल कर्मचारियों की मांगों का समाधान करने की अपील की और आंदोलन को राजद के पूर्ण समर्थन की बात कही।

इधर, प्रदेश महासचिव चंद्रशेखर कुमार के नेतृत्व में कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। संघर्ष मोर्चा की प्रमुख मांगों में दैनिक, संविदा व अस्थायी कर्मियों का नियमितीकरण, ठेका-आउटसोर्सिंग समाप्त कर सीधे नगर निकाय के अधीन सेवा तथा ईएसआई, ईपीएफ, एसीपी/एमएसीपी समेत वैधानिक लाभ देना शामिल है। कर्मचारियों ने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।

धरने में शिवपूजन चौरसिया, राकेश गुप्ता, प्रेम मलिक, भिखारी मलिक, राजेश मलिक, परमिला देवी, क्रांति मलिक, दिनेश मलिक, अभय सिंह, महेंद्र कुशवाहा, धर्मेंद्र यादव और सनी कुमार समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी व समर्थक शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!