
प्रथम सोमवारी पर 150 शिवभक्तों के बीच फल-पेयजल का वितरण, सीमा क्षेत्र और नेपाल से आने वाले श्रद्धालुओं का भी किया गया स्वागत
रक्सौल। सावन की पहली सोमवारी पर बारिश के बीच श्री रौनियार वैश्य बंधु समिति, रक्सौल इकाई ने शिवभक्त कांवरियों की सेवा के लिए अनूठी पहल की। स्टेशन रोड स्थित ‘रौनियार बोलबम सेवा समिति’ सेवा शिविर का शुभारंभ कर बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) की यात्रा पर जा रहे करीब 150 शिवभक्तों के बीच फल एवं शुद्ध पेयजल का वितरण किया गया।
इस सेवा अभियान की खास बात यह रही कि सीमा क्षेत्र के साथ-साथ नेपाल से आने वाले शिवभक्तों को भी सेवा का लाभ दिया गया। नेपाल से बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवघर के अलावा अरेराज और वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ धाम की यात्रा करते हैं। इसे देखते हुए रक्सौल में पहली बार इस तरह का सेवा शिविर शुरू किया गया है। इससे एक ओर सीमा पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत हुआ, वहीं दूसरी ओर समिति ने उनकी यात्रा के दौरान सेवा एवं सहयोग का प्रयास किया। बारिश के बीच भी सेवा शिविर में पहुंचे श्रद्धालु सेवा पाकर प्रफुल्लित नजर आए।
संयुक्त रूप से हुआ सेवा शिविर का उद्घाटन
‘श्री रौनियार बोल बम उपसमिति’ के अध्यक्ष राजकुमार रौनियार र, समिति के सचिव रमेश कुमार गुप्ता, भारत विकास परिषद, शाखा–रक्सौल के अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी एवं रक्सौल चैंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष दिनेश प्रसाद ने संयुक्त रूप से सेवा शिविर का उद्घाटन किया।
प्रथम सोमवारी के अवसर पर करीब 150 कांवरियों को फल एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया गया। समिति के सेवा-भावी सदस्यों ने श्रद्धालुओं का आत्मीयता से स्वागत किया और उनकी यात्रा को सुगम एवं सुखद बनाने का प्रयास किया।

हर सोमवार सुबह चलेगा सेवा अभियान
‘रौनियार बोल बम सेवा समिति’ के अध्यक्ष राज कुमार रौनियार ने कहा कि सावन का पावन महीना सेवा, श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक है। शिवभक्त कांवरियों की सेवा करना समिति के लिए सौभाग्य और पुण्य का कार्य है। उन्होंने बताया कि सावन के प्रत्येक सोमवार को सुबह 7 बजे से 10 बजे तक देवघर जाने वाले कांवरियों के लिए फल एवं शुद्ध पेयजल की निःस्वार्थ सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने समाज के सक्षम एवं सेवा-भावी लोगों से भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की।

अन्य सेवा कार्यक्रम भी होंगे : शिवपूजन प्रसाद
श्री रौनियार वैश्य बन्धु समिति के अध्यक्ष शिवपूजन प्रसाद ने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए इस वर्ष सावन के प्रत्येक सोमवार को सेवा अभियान जारी रखने की योजना है। उन्होंने कहा कि समिति की ओर से आगे अन्य सेवा एवं सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों को इसका लाभ मिल सके।
भारत विकास परिषद, शाखा–रक्सौल के अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी एवं रक्सौल चैंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष दिनेश प्रसाद ने समिति की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य सामाजिक समरसता, मानवता और परोपकार की भावना को मजबूत करते हैं तथा समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री रौनियार वैश्य बन्धु समिति के कार्यकारी अध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता का विशेष सहयोग रहा।
मौके पर अशोक कुमार गुप्ता (मुन्ना जी), राज कुमार गुप्ता, दीपक कुमार, सूरज कुमार गुप्ता, राजू कुमार गुप्ता, राहुल कुमार, मुन्ना प्रसाद, सुशील रौनियार, विनोद कुमार, राजेश कुमार, सुनील कुमार एवं विक्की रौनियार सहित समिति के अनेक सदस्यों ने फल एवं पेयजल वितरण में सहयोग किया।
उपसमिति के मीडिया प्रभारी अजीत कुमार एवं बिनोद कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि सावन मास के प्रत्येक सोमवार को यह सेवा अभियान निरंतर संचालित किया जाएगा, ताकि सीमा क्षेत्र और नेपाल से आने वाले अधिक से अधिक शिवभक्त कांवरियों को इसका लाभ मिल सके।
