Tuesday, August 4

सड़क टूटी, 200 बीघा से अधिक फसलें जलमग्न, पूर्वी-पश्चिमी चंपारण का संपर्क बाधित

रक्सौल।(Vor desk)। रक्सौल–भेलाही–घोड़ासहन नहर सड़क खंड पर जयमंगलापुर गांव के समीप सोमवार देर रात सड़क का एक हिस्सा अचानक टूट गया। सड़क टूटते ही नहर का पानी तेज बहाव के साथ जयमंगलापुर सरेह के खेतों में फैल गया। इससे 200 बीघा से अधिक खेतों में लगी धान समेत अन्य फसलें जलमग्न हो गईं।

सड़क टूटने के कारण पूर्वी और पश्चिमी चंपारण के बीच इस महत्वपूर्ण मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। सड़क क्षतिग्रस्त होने से कई छोटे-बड़े वाहन रास्ते में फंस गए, जबकि लोगों को आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है।

अचानक खेतों में पानी भरने से किसानों के सामने भारी फसल नुकसान का संकट खड़ा हो गया है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

ग्रामीणों ने प्रशासन से नहर के पानी के बहाव को तत्काल नियंत्रित करने, क्षतिग्रस्त सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने तथा फसल क्षति का सर्वे कर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

तेज बहाव और लगातार फैल रहे पानी को लेकर आसपास के गांवों में भी चिंता बनी हुई है। प्रशासन की ओर से घटना की जांच और फसल एवं सड़क क्षति के आकलन की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!