
वीरगंज।(Vor desk)। युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित “रोजगार मेला 2083” का आयोजन वीरगंज में भव्य और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस रोजगार मेले में करीब 450 रोजगार चाहने वाले युवाओं ने भाग लेकर विभिन्न कंपनियों में आवेदन किए, साक्षात्कार दिए और रोजगार संबंधी जानकारी प्राप्त की।
यह रोजगार मेला वीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ (BiCCI), नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ (FNCCI), नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ मधेश प्रदेश तथा अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में वीरगंज महानगरपालिका, लीडरशिप डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (LDI) तथा HR Society Nepal–Madhesh Chapter का भी सहयोग रहा।
वीरगंज स्थित होटल भिस्वा के सभागार में आयोजित इस मेले का उद्घाटन मधेश प्रदेश सरकार के उद्योग, वाणिज्य एवं पर्यटन मंत्री कनिश पटेल ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के अध्यक्ष हरिप्रसाद गौतम ने की।
कार्यक्रम में नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ (FNCCI) के उपाध्यक्ष, नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ मधेश प्रदेश के अध्यक्ष तथा जीतपुर–सिमरा उद्योग वाणिज्य संघ के अध्यक्ष विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष माधव राजपाल, उपाध्यक्ष मनोज कुमार दास, महासचिव शिवजी प्रसाद साह, सचिव प्रेमचन्द्र गोयल, सह-कोषाध्यक्ष नीरज अग्रवाल तथा रोजगार मेले के संयोजक एवं सह-सचिव अनुप अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ के सहायक निदेशक हरि प्रसाद पौडेल एवं छिरिंग तामांग, HR Society Nepal–Madhesh Chapter और Leadership Development Institute (LDI) के अध्यक्ष अनिल जायसवाल, वीरगंज महानगरपालिका के रोजगार शाखा प्रमुख सुरज गुप्ता तथा जीतपुर–सिमरा उपमहानगरपालिका के रोजगार शाखा प्रमुख नयिम गनी सहित विभिन्न सरकारी एवं निजी संस्थाओं के प्रतिनिधि, पत्रकार, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
रोजगार मेले में बारा-पर्सा औद्योगिक कॉरिडोर की 22 प्रतिष्ठित औद्योगिक एवं व्यावसायिक कंपनियों तथा 4 रोजगार पोर्टलों ने सक्रिय भागीदारी की। मेले में पहुंचे युवाओं ने विभिन्न कंपनियों में सीधे आवेदन जमा किए, साक्षात्कार दिए और रोजगार के उपलब्ध अवसरों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि निजी क्षेत्र, उद्योग, स्थानीय सरकार और विकास साझेदारों के संयुक्त प्रयास से युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और उद्यमिता से जोड़ने में इस प्रकार के आयोजन अत्यंत प्रभावी साबित हो रहे हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे रोजगार मेलों के नियमित आयोजन पर बल दिया।
कार्यक्रम के संयोजक जनक अधिकारी रहे, जबकि मंच संचालन मनोज उपाध्याय ने किया।
अंत में, वीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ ने रोजगार मेला 2083 को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी आयोजक संस्थाओं, सहयोगी निकायों, सहभागी उद्योग-व्यवसायों, नियोक्ताओं, विकास साझेदारों, पत्रकारों तथा सहभागी युवाओं के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
