
रक्सौल।(Vor desk)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की रक्सौल इकाई द्वारा हिन्दू साम्राज्य दिनोत्सव के अवसर पर रविवार को नगर में भव्य, अनुशासित एवं प्रेरणादायी पथ संचलन का आयोजन किया गया। पूर्ण गणवेश में सुसज्जित स्वयंसेवकों ने घोष की मधुर धुन के साथ नगर के प्रमुख मार्गों पर संचलन कर राष्ट्रभक्ति, संगठन और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। नगरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत आर्य समाज मंदिर परिसर में आयोजित बौद्धिक सत्र से हुई। इसके बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में अनुशासित पंक्तियों में घोष वादन के साथ नगर भ्रमण के लिए निकले। पथ संचलन नगर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों एवं मार्गों से गुजरते हुए पुनः आर्य समाज मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ।
इस अवसर पर आयोजित बौद्धिक सत्र को संबोधित करते हुए जिला प्रचारक शिवम सोनू ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन राष्ट्ररक्षा, सुशासन, स्वाभिमान, पराक्रम और लोककल्याण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हिन्दू साम्राज्य दिनोत्सव नई पीढ़ी को शिवाजी महाराज के आदर्शों, राष्ट्रनिष्ठा, साहस और संगठन शक्ति से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करता है।
वक्ताओं ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रतिवर्ष हिन्दू साम्राज्य दिनोत्सव मनाता है, जो छत्रपति शिवाजी महाराज के ऐतिहासिक राज्याभिषेक और हिंदवी स्वराज्य की स्थापना की स्मृति को समर्पित है। इस अवसर पर देशभर में पथ संचलन, बौद्धिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जिनका उद्देश्य समाज में संगठन, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव की भावना को सुदृढ़ करना है।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष का भी उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 1925 से 2025 तक संघ ने अपनी सौ वर्षों की यात्रा में भारतीय समाज, संस्कृति, सेवा, संगठन और राष्ट्र निर्माण के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि संघ का शताब्दी वर्ष केवल एक ऐतिहासिक उपलब्धि नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार, समर्पण, सामाजिक समरसता और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और अधिक मजबूत बनाने का प्रेरक अवसर है।
कार्यक्रम के समापन पर स्वयंसेवकों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक गौरव की रक्षा के लिए निरंतर समाजहित में कार्य करने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद, शाखा-रक्सौल के अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी, अजय कुमार, सुनील कुमार, प्रेमचंद आर्य, वरिष्ठ स्वयंसेवक उमा प्रसाद, जिला कार्यवाह दुर्गेश कुमार, जिला सेवा प्रमुख विकास कुमार, नगर कार्यवाह भरत कुमार, जिला संपर्क प्रमुख सुबोध कुमार, महाविद्यालय कार्य प्रमुख चैतन्य कुमार, जिला व्यवस्था प्रमुख संतोष कुमार, शिवाजी बस्ती प्रमुख हेमंत वर्णवाल, नगर व्यवस्था प्रमुख मनोज कुमार, सरस्वती विद्या मंदिर के प्राचार्य प्रेमरंजन पटेल, सचिन कुमार, नरेश कुमार सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
