Saturday, July 4

तीन मामलों में फरार कुख्यात ड्रग माफिया जाकिर मियां गिरफ्तार, एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मिली बड़ी सफलता

रक्सौल। (Vor desk) बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात ड्रग माफिया जाकिर मियां को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे मोतिहारी शहर से दबोचा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, नकरदेई थाना कांड संख्या-63/26 में नामजद और फरार चल रहे आरोपी जाकिर मियां के मोतिहारी शहर और उसके आसपास के क्षेत्रों में छिपे होने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जाकिर मियां, पिता जाल मोहम्मद मियां, निवासी ग्राम सिरिसिया माल, थाना नकरदेई, जिला पूर्वी चम्पारण के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, जाकिर मियां के खिलाफ नकरदेई थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(5) तथा स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 8(सी), 21(बी), 25 और 29 के तहत मामला दर्ज है। वह लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था, जिसके कारण उसकी गिरफ्तारी चुनौती बनी हुई थी।

प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि जाकिर मियां क्षेत्र में बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क का संचालन कर रहा था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उसके खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं और वह सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय ड्रग सिंडिकेट का महत्वपूर्ण सदस्य माना जाता रहा है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस गिरफ्तारी को सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!