Saturday, July 4

साइबर ठगी में इस्तेमाल म्यूल बैंक खातों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रक्सौल के तीन खाताधारक गिरफ्तार

रक्सौल।(Vor desk)। साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों के खिलाफ पूर्वी चम्पारण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रक्सौल थाना क्षेत्र के तीन खाताधारकों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की है। यह कार्रवाई आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू), पटना से प्राप्त निर्देश के आलोक में की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आर्थिक अपराध इकाई, पटना द्वारा साइबर ठगी में प्रयुक्त म्यूल खाताधारकों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश जारी किया गया था। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक, साइबर क्राइम के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

छापेमारी और सत्यापन के दौरान रक्सौल थाना क्षेत्र के हरनाही एवं दुर्गा नगर निवासी तीन व्यक्तियों की पहचान की गई। इनमें हरनाही निवासी सुरेन्द्र साह के पुत्र रिशु कुमार, म्यूल बैंक खाता संख्या 43906501294 के धारक हैं। वहीं, दुर्गा नगर, हरनाही निवासी मुन्नी पंडित के पुत्र राजू कुमार, म्यूल बैंक खाता संख्या 44439510960 के धारक पाए गए। इसके अलावा हरनाही निवासी भनु साह के पुत्र रामाधार कुमार, म्यूल बैंक खाता संख्या 44542253800 के धारक हैं।

पुलिस द्वारा सत्यापन और पूछताछ के दौरान यह तथ्य सामने आया कि इन तीनों व्यक्तियों ने साइबर ठगी से प्राप्त राशि को अपने बैंक खातों में मंगवाकर चेक एवं एटीएम के माध्यम से नकद निकासी की और बाद में यह रकम साइबर अपराधियों को सौंप दी। इसके एवज में उन्हें मोटी रकम का भुगतान किया जाता था।

पुलिस की तकनीकी जांच में यह भी पाया गया कि इन म्यूल खातों के संबंध में महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु सहित विभिन्न राज्यों में शिकायतें दर्ज कराई गई हैं।

इस मामले में पुलिस ने साइबर थाना कांड संख्या-113/26 दर्ज करते हुए तीनों आरोपितों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराध में संलिप्त म्यूल खाताधारकों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!