
रक्सौल। (Vor desk) भारत विकास परिषद, शाखा-रक्सौल के तत्वावधान में शनिवार को स्वामी विवेकानंद की 124वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। लक्ष्मीपुर स्थित महाराजा बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ वन्दे मातरम् गीत से हुआ। इसके बाद उपस्थित सदस्यों ने भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्रवाद के अमर प्रतीक थे। उन्होंने युवाओं से स्वामीजी के आदर्शों, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना को अपनाने का आह्वान किया। शाखा सचिव नरेश कुमार एवं सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने स्वामी विवेकानंद के जीवन को युवाओं के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत बताया।
संस्कार संयोजक नीतेश कुमार सिंह, संपर्क संयोजक उमेश सिकारिया एवं संगठन सचिव अजय कुमार ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के सिद्धांतों और राष्ट्रसेवा के संदेश को जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में योगेन्द्र प्रसाद, सुनील कुमार, विजय कुमार साह, दिनेश प्रसाद, विनोद कुमार, अरविन्द जायसवाल, सुरेश धानोठिया, प्रशांत कुमार, विनोद रौनियार, जीतेन्द्र चौरसिया, विवेक चौरसिया, प्रतीक कुमार और अनुज कुमार सहित परिषद के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
