Tuesday, June 23

बीपीएससी में सफलता पाने वाले राणा अंकेश का भारती पब्लिक स्कूल में हुआ सम्मान

रक्सौल। (Vor desk)

70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में सफलता हासिल कर आपूर्ति पदाधिकारी बने रक्सौल के युवा प्रतिभा राणा अंकेश को मंगलवार को भारती फाउंडेशन की ओर से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह का आयोजन भारती पब्लिक स्कूल परिसर में किया गया, जहां विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं एवं गणमान्य लोगों ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।

मेहनत और लगन से हर लक्ष्य संभव : मनीष दुबे

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारती फाउंडेशन के संस्थापक एवं निदेशक मनीष दुबे ने कहा कि ईमानदारी, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ किया गया प्रयास कभी व्यर्थ नहीं जाता। राणा अंकेश की सफलता इसका जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति पूरी निष्ठा, धैर्य और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ता है, तो सफलता अवश्य मिलती है।

सफलता के पीछे परिवार, गुरु और मित्रों का योगदान : आमोद श्रीवास्तव

विद्यालय के प्रधानाचार्य आमोद श्रीवास्तव ने कहा कि प्रत्येक सफलता की अपनी एक प्रेरणादायक कहानी होती है। किसी भी उपलब्धि के पीछे माता-पिता का त्याग, शिक्षकों का मार्गदर्शन और मित्रों का सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से राणा अंकेश के संघर्ष और उपलब्धि से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

समाज का प्रतिनिधित्व बनना ही वास्तविक सफलता : शिक्षक

विद्यालय के शिक्षक मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सफलता का वास्तविक अर्थ केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यालय, समाज और क्षेत्र का गौरव बनना है। राणा अंकेश ने अपनी उपलब्धि से न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे रक्सौल का नाम रोशन किया है।

स्वाध्याय के साथ सही मार्गदर्शन भी जरूरी : राणा अंकेश

सम्मान समारोह में अपने अनुभव साझा करते हुए राणा अंकेश ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए स्वाध्याय अत्यंत आवश्यक है। केवल पढ़ाई करना ही पर्याप्त नहीं होता, बल्कि सही दिशा, उचित रणनीति और मार्गदर्शन भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की सलाह दी।

कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक मनोज कुमार श्रीवास्तव ने किया। समारोह को सफल बनाने में विद्यालय परिवार एवं छात्र-छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इस अवसर पर रविन्द्र कुमार श्रीवास्तव, भुवनेश्वर कुमार मिश्रा, अजय कुमार सिंह, अरविंद कुमार, सुब्रत राज, पवन कुमार, प्रकाश कुमार, अनमोल यादव, अमित कुमार एवं अभिमन्यु गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!