
बारिश के बावजूद उमड़ा उत्साह, बड़ी संख्या में जुटे योग प्रेमी
महावाणिज्य दूत श्री मीणा बोले— योग सीमाओं से परे, भारत-नेपाल मित्रता का सेतु
मुख्यमंत्री कृष्ण प्रसाद यादव ने योग जागरूकता अभियानों के लिए महावाणिज्य दूतावास की सराहना की
रक्सौल।(Vor desk)।
भारत के महावाणिज्य दूतावास, वीरगंज (नेपाल) के तत्वावधान में शनिवार को भारत-नेपाल के प्रमुख प्रवेश द्वार तथा रक्सौल-वीरगंज मुख्य सड़क स्थित प्रतिष्ठित शंकराचार्य गेट पर 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। भारत और नेपाल के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों के प्रतीक इस स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में वीरगंज, रक्सौल और सीमावर्ती क्षेत्रों से बड़ी संख्या में योग प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री कृष्ण प्रसाद यादव समारोह के मुख्य अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथियों में भूमि व्यवस्था, कृषि एवं सहकारिता मंत्री श्याम प्रसाद पटेल तथा वन एवं पर्यावरण मंत्री शंकर प्रसाद चौधरी शामिल थे।
कार्यक्रम में सखुवा प्रसौनी ग्रामीण नगरपालिका के मेयर जसवंत यादव , स्थानीय वाणिज्य मंडल के प्रतिनिधियों, नेपाल-भारत मैत्री संघ (निफा), पतंजलि योग समिति (पर्सा एवं बारा) के पदाधिकारियों, प्रमुख जिला अधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों तथा विभिन्न सरकारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

समारोह का मुख्य आकर्षण योग विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत उन्नत योग आसनों का प्रदर्शन रहा। अनुशासन, संतुलन और लचीलेपन से परिपूर्ण इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों की खूब सराहना बटोरी।
सभा को संबोधित करते हुए भारत के महावाणिज्य दूत श्री मीणा ने योग को भारत की ओर से विश्व को दिया गया अमूल्य उपहार बताते हुए कहा कि यह शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक स्पष्टता और सामाजिक सद्भाव का माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग सीमाओं से परे जाकर लोगों को जोड़ता है और भारत-नेपाल के बीच मित्रता के रिश्तों को और मजबूत बनाता है।

मुख्यमंत्री कृष्ण प्रसाद यादव ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के पूर्व लगातार आयोजित योग कार्यक्रमों के लिए भारत के महावाणिज्य दूतावास, वीरगंज की सराहना करते हुए कहा कि इन प्रयासों से जन-स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है और दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक तथा जन-से-जन संबंध और प्रगाढ़ हुए हैं।
मध्यरात्रि में हुई बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में योग साधक सुबह ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। स्वास्थ्य, सद्भाव और समग्र कल्याण के इस आयोजन ने सीमाओं के पार एकता, सामंजस्य और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने में योग की महत्ता को रेखांकित किया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर भारत के महावाणिज्य दूतावास, वीरगंज द्वारा आयोजित विभिन्न योग कार्यक्रमों की श्रृंखला का समापन शंकराचार्य गेट पर आयोजित मुख्य समारोह के साथ हुआ। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ भारत-नेपाल मैत्री संबंधों को और सशक्त बनाना रहा।
इस अवसर पर नेपाल-भारत सहयोग मंच के केंद्रीय अध्यक्ष अशोक वैध,स्वामी संतोषानंद महराज,धर्मेंद्र गुप्ता,जय प्रकाश खेतान सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने योगाभ्यास की सराहना करते हुए इसे भारत-नेपाल के बीच सांस्कृतिक निकटता, सद्भाव और मैत्री की मजबूत कड़ी बताया।
