
रक्सौल।(Vor desk)। नगर परिषद की नवगठित सशक्त स्थायी समिति ने शहर की बुनियादी सुविधाओं को लेकर सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। मंगलवार को मुख्य पथ स्थित जन सुविधा भवन में कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी की अध्यक्षता में आयोजित समिति की बैठक में जलापूर्ति, स्वच्छता, विकास योजनाओं और कर्मचारियों से जुड़े छह महत्वपूर्ण एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक का संचालन नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डा.मनीष कुमार ने किया। बैठक की शुरुआत नव निर्वाचित सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के स्वागत से हुई। कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी ने सभी सदस्यों को बुके देकर उनका अभिनंदन किया और नगर के विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का आह्वान किया।
गर्मी और बढ़ती जल समस्या के बीच नल-जल योजना बैठक के केंद्र में रही। समिति के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि शहरवासियों को शुद्ध और नियमित पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। जिन इलाकों में नल-जल योजना के तहत आपूर्ति बाधित है या तकनीकी समस्याएं हैं, उन्हें शीघ्र दूर करने का निर्णय लिया गया।
शहर की साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए समिति ने स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साथ ही विभिन्न वार्डों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का आकलन करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी निर्माण कार्यों को पूरा कराने का निर्देश देने पर सहमति बनी।
बैठक में नगर परिषद के कर्मचारियों से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से उठे। सेवानिवृत्त कर्मियों को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) तथा वर्तमान में कार्यरत कर्मियों को राष्ट्रीय पेंशन योजना (एनपीएस) का लाभ उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा करते हुए आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
करीब सभी एजेंडों पर सकारात्मक सहमति के साथ संपन्न हुई इस बैठक में यह संकेत भी मिला कि नई सशक्त स्थायी समिति शहर की मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाने के मूड में है। बैठक में समिति के सदस्य रंजीत श्रीवास्तव, विरेन्द्र प्रसाद और जितेन्द्र दत्ता सहित नगर परिषद के अन्य कर्मी भी मौजूद रहे।
