Wednesday, June 3

राजद नेता अनिल कुमार यादव को श्रद्धांजलि, कर्पूरी आश्रम में आयोजित हुई शोक सभा

रक्सौल।(Vor desk)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के रक्सौल प्रखंड के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष स्वर्गीय अनिल कुमार यादव के निधन पर मंगलवार को रक्सौल स्थित कर्पूरी आश्रम में एक श्रद्धांजलि एवं शोक सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व राजद प्रखंड अध्यक्ष सौरंजन कुमार यादव ने किया। शोक सभा में बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता, पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष तथा सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भाग लेकर दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

सभा के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय अनिल कुमार यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया तथा उनके व्यक्तित्व और राजनीतिक योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि अनिल कुमार यादव एक सरल, मिलनसार और जमीनी नेता थे, जिन्होंने संगठन को मजबूत बनाने तथा आम लोगों की समस्याओं को उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन से राजद परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र ने एक सक्रिय सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता को खो दिया है।

शोक सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि स्वर्गीय यादव ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में संगठन और समाज के प्रति पूरी निष्ठा से कार्य किया। उनका योगदान सदैव कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। वक्ताओं ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय राजद नेता प्रमोद राय, कुशवाहा सभा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुशवाहा, पूर्व अध्यक्ष जवाहिर साह, जिला सचिव रवि भारती, प्रभारी सैफुल आजम, राजद के प्रदेश महासचिव फकरुद्दीन आलम, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मनोरंजन तिवारी, किसान प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष संजय यादव, युवा अध्यक्ष अरमान आलम, अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष नितेश कुमार, अवधेश यादव, जिला सचिव सुभाष यादव, एससी-एसटी प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष दिनेश राम, उपाध्यक्ष ओम गुप्ता, छात्र संघ के प्रखंड अध्यक्ष जाफर इकबाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

सभा के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके अधूरे सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!