Tuesday, June 2

रक्सौल थाना के नए थानाध्यक्ष बने रमेश कुमार महतो

रक्सौल।(Vor desk)। पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस प्रशासन को और अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पुलिस निरीक्षक रमेश कुमार महतो को रक्सौल थाना का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति संबंधी अधिसूचना मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी की गई।

विज्ञप्ति के अनुसार रमेश कुमार महतो वर्ष 2009 बैच के पुलिस निरीक्षक हैं और उन्हें उनकी प्रशासनिक दक्षता, कार्यकुशलता तथा बेहतर पुलिसिंग के अनुभव को देखते हुए रक्सौल थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वे आदापुर, बंजरिया एवं पलनवा थाना क्षेत्रों के पर्यवेक्षी पदाधिकारी के रूप में कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा पश्चिम चंपारण के सिकटा थाना क्षेत्र में भी उन्होंने अपनी सेवाएं दी हैं।

भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रक्सौल थाना जिले के सबसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील थाना क्षेत्रों में गिना जाता है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, तस्करी पर रोक लगाने तथा आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की चुनौती रहती है। ऐसे में नए थानाध्यक्ष की नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।इससे पहले प्रशिक्षु आईपीएस हेमंत कुमार सिंह थानाध्यक्ष थे,जिनके जाने के बाद यह पोस्टिंग हुई है।

पुलिस विभाग को उम्मीद है कि रमेश कुमार महतो के अनुभव और नेतृत्व का लाभ रक्सौल थाना क्षेत्र को मिलेगा तथा उनके कार्यकाल में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। साथ ही जनता और पुलिस के बीच विश्वास को बढ़ाने तथा त्वरित एवं प्रभावी पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!