Saturday, May 30

रक्सौल-सुगौली मार्ग पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, 100 मीटर तक घिसटती रही मोटरसाइकिल

रक्सौल।(Vor desk)। नेपाल जाने वाली अंतरराष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-527डी के रक्सौल-सुगौली खंड पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रघुनाथपुर पंचायत के पचौरी टोला के समीप हुआ, जहां एक ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल चालक की जान चली गई।

मृतक की पहचान साहिद इकबाल उर्फ मुन्ना (40 वर्ष), पिता शम्सुद्दीन अंसारी, निवासी कलवारी मझरिया, थाना आदापुर के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, साहिद इकबाल बाइक से रामगढ़वा थाना क्षेत्र के मनना गांव में ईद-उल-अजहा (बकरीद) की दावत में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रक्सौल की ओर जा रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद बाइक ट्रक में फंस गई और करीब 100 मीटर तक घिसटती रही। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने का प्रयास करने लगा। स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया और ट्रक को रोकने के लिए पथराव भी किया, जिसके बाद चालक को ट्रक सहित पकड़ लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई मनीष कुमार ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को अपने नियंत्रण में ले लिया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!