Saturday, May 30

डीआईजी हर किशोर राय ने किया रक्सौल थाना का औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का दिया निर्देश

रक्सौल। (Vor desk) चंपारण रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) हर किशोर राय ने शनिवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रक्सौल थाना का वार्षिक एवं औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्था, कानून-व्यवस्था की स्थिति, लंबित मामलों की प्रगति तथा प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी के कार्यों की समीक्षा की।

थाना पहुंचने पर जिला पुलिस बल के जवानों ने डीआईजी को पारंपरिक गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर, सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बैरक, मालखाना तथा अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जवानों की टर्नआउट और शारीरिक फिटनेस की भी जांच की गई। डीआईजी ने पुलिसकर्मियों को बेहतर पुलिसिंग के लिए शारीरिक रूप से फिट रहने की सलाह देते हुए नियमित व्यायाम और संतुलित जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के क्रम में डीआईजी ने रक्सौल थाना में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी हेमंत कुमार सिंह के कार्यों और प्रशिक्षण की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान किए जा रहे कार्यों का मूल्यांकन करते हुए जमीनी स्तर पर पुलिसिंग से जुड़े अनुभवों की जानकारी ली।

इसके बाद डीआईजी ने थाना के सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न आपराधिक मामलों के अनुसंधान, अपराधियों की गिरफ्तारी तथा लंबे समय से लंबित कांडों की अद्यतन स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की गई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि अनुसंधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

डीआईजी हर किशोर राय ने गंभीर एवं महत्वपूर्ण मामलों की फाइलों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक सह थानाध्यक्ष हेमंत कुमार सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मनीष आनंद सहित रक्सौल थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!