
रक्सौल।(Vor desk)। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए मंगलवार को स्थानीय थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। आगामी 28 मई, गुरुवार को मनाए जाने वाले इस त्योहार को लेकर अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
बैठक की संयुक्त अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार और प्रशिक्षु आईपीएस सह थानाध्यक्ष हेमंत कुमार ने की। इस दौरान एसडीपीओ मनीष आनंद भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि पर्व के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। बैठक में उपस्थित लोगों से अपील की गई कि सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी भ्रामक खबर पर प्रतिक्रिया न दें और ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार को लेकर संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। बैठक में रक्सौल शहर के अलावा इस्लामपुर, अहिरवाटोला, लक्ष्मीपुर, नावकाटोला, कानना और परेऊवा समेत अन्य क्षेत्रों में शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने पर चर्चा हुई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रबुद्ध नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर हरनाही मुखिया जफीर अहमद, पूर्व उप प्रमुख नायाब आलम, सरपंच लक्ष्मण चौरसिया, जदयू नेता प्रदीप भारती, सोनू अहमद, पार्षद रवि गुप्ता, कुंदन सिंह, कमलेश कुमार, राजू राम व कन्हैया सर्राफ सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
