
रक्सौल।(Vor desk)। भारत-नेपाल सीमा से सटे रक्सौल के तुमड़िया टोला इलाके में एक अज्ञात महिला का शव शीशम के पेड़ से लटका मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना ने आत्महत्या, हत्या और साजिश जैसी कई आशंकाओं को जन्म दे दिया है। पुलिस फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।
घटना शहर के वार्ड संख्या-2 स्थित खेतिहर और अपेक्षाकृत सुनसान इलाके की है, जहां रविवार शाम बकरी चराने गई महिलाओं ने पेड़ से लटका शव देखा। दृश्य देखते ही महिलाएं घबरा गईं और दौड़कर आसपास के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही हरैया थाना की सबइंस्पेक्टर बिट्टू कुमारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के इलाके की जांच शुरू की। मृतका की उम्र करीब 55 वर्ष बताई जा रही है। वह लाल साड़ी पहने हुई थी तथा पैरों में पायल और नाक में सोने की कील थी, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला किसी ग्रामीण परिवार से जुड़ी हो सकती है।
घटना को रहस्यमय बनाने वाली सबसे अहम बात यह रही कि शव से कुछ दूरी पर एक दवा की खाली शीशी भी बरामद हुई है। इससे यह आशंका गहरा गई है कि महिला ने पहले किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया या फिर उसे जहर देकर शव को पेड़ से लटका दिया गया। वहीं महिला के गले में साड़ी का फंदा भी मिला है, जिससे मामला और उलझ गया है।
पुलिस ने तुमड़िया टोला के विभिन्न वार्डों के लोगों के साथ-साथ सीमावर्ती पनटोका पंचायत के ग्रामीणों को बुलाकर पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन देर शाम तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी और सुनसान खेतिहर इलाके का फायदा उठाकर किसी ने शव को यहां लटकाया हो सकता है। इलाके में इस बात को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं कि यह आत्महत्या है या फिर किसी बड़ी साजिश को छिपाने की कोशिश।
सबइंस्पेक्टर बिट्टू कुमारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन हत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया है और मृतका की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
