
मासूम के अपहरण से मचा हड़कंप, दरपा पुलिस की तत्परता से 12 घंटे में बच्चा बरामद
छौड़ादानो।(Vor desk)। दरपा थाना क्षेत्र में 10 वर्षीय बच्चे के अपहरण की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार छापेमारी अभियान के कारण अपहृत मासूम को महज 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया।
मामले को लेकर गुरुवार को दरपा थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में रक्सौल एसडीपीओ मनीष आनंद ने जानकारी देते हुए बताया कि बख्तौरा गांव निवासी रवि उर्फ लड्डू (10 वर्ष) को बुधवार की शाम एक अज्ञात युवक ठंडा पिलाने का प्रलोभन देकर बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गया था। काफी देर तक बच्चे के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दरपा थाना पुलिस हरकत में आई और वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी करते हुए रमगढ़वा थाना क्षेत्र के भटवलिया गांव के समीप से बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया।
एसडीपीओ ने बताया कि बच्चे की बरामदगी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है तथा उसे परिजनों को सौंपा जा रहा है। वहीं घटना में शामिल अपहरणकर्ता की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
घटना के सफल उद्भेदन के बाद स्थानीय लोगों ने दरपा पुलिस की सक्रियता और तत्परता की प्रशंसा की है।
