
मोतिहारी/रक्सौल।(Vor desk)। भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय अंतरराष्ट्रीय जाली करेंसी गिरोह के मुख्य सरगना दया तिवारी उर्फ सुशील तिवारी को बिहार एसटीएफ, आर्मी इंटेलिजेंस लखनऊ और हरैया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। बिहार पुलिस मुख्यालय (विशेष कार्य बल) द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मिलिट्री इंटेलिजेंस (MI) लखनऊ से प्राप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को मेजरगंज थाना क्षेत्र से दबिश देकर गिरफ्तार किया।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दया तिवारी उर्फ सुशील तिवारी, महेंद्र तिवारी का पुत्र है और वह खैरवा, जिला सीतामढ़ी का निवासी बताया गया है। उसके विरुद्ध हरैया थाना कांड संख्या 23/26 दिनांक 01.02.2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 317(5), 318(4), 61(2), 338, 336(3), 340(2), 111, 178, 179, 180, 181 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज है। एसटीएफ ने उसे 22/23 मई 2026 की रात गिरफ्तार किया।
बताया गया है कि बीते 31 जनवरी को हरैया थाना पुलिस ने जाली नेपाली और भारतीय नोटों के कारोबार का बड़ा खुलासा करते हुए एक नेपाली नागरिक समेत कुल आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया था। उस दौरान पुलिस ने लगभग 25 लाख रुपये की नेपाली जाली मुद्रा, 18 हजार 500 रुपये की भारतीय जाली मुद्रा, एक दर्जन मोबाइल फोन, पासपोर्ट, मोटरसाइकिल, कार, नोट बनाने में प्रयुक्त सादा पेपर, रसायन और अन्य उपकरण बरामद किए थे। उसी मामले में दया तिवारी को मुख्य सरगना बताया गया था, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था।
जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी का नेटवर्क भारत, नेपाल और बांग्लादेश तक फैला हुआ था। वह लंबे समय से जाली नोटों की छपाई, सप्लाई और ठगी के कारोबार में सक्रिय था। आर्मी इंटेलिजेंस और बिहार एसटीएफ लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने जाली करेंसी नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। उसके निशानदेही पर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और नेटवर्क की कड़ियों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय अंतरराष्ट्रीय जाली नोट गिरोह को बड़ा झटका लगा है और इसके बाद गिरोह की कमर टूट गई है।
एसटीएफ द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के पास से 4050 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। फिलहाल उससे गहन पूछताछ जारी है तथा मामले में आगे और गिरफ्तारी होने की संभावना जताई जा रही है।
