Tuesday, May 19

रक्सौल में एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, कार से 32 किलो से अधिक गांजा बरामद

नेपाल से भारत आ रही कार मैत्री ब्रिज चेक पोस्ट पर पकड़ी गई, चालक गिरफ्तार

रक्सौल (vor desk)। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात 47वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), रक्सौल ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 32.450 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। कार्रवाई हरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा के समीप मैत्री ब्रिज चेक पोस्ट पर की गई, जहां नेपाल से भारत आ रही एक कार की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

एसएसबी के अनुसार, 47वीं वाहिनी के कमांडेंट संजय पांडे के निर्देशन में सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को सुबह करीब 11:24 बजे गुप्त सूचना के आधार पर बॉर्डर पिलर संख्या 309/33 के पास मैत्री ब्रिज चेक पोस्ट पर ड्यूटी में तैनात एसएसबी जवानों ने नेपाल से भारत की ओर आ रही डस्टन कार संख्या BR-06 PD-5470 को रोककर उसकी गहन तलाशी ली।

तलाशी के दौरान कार से 32.450 किलोग्राम गांजा की बड़ी खेप बरामद की गई। मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बदहरवा महानंद गांव का निवासी बताया गया है।

प्रारंभिक पूछताछ के बाद बरामद गांजा, जब्त वाहन तथा गिरफ्तार तस्कर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए हरैया थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।

एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती हरैया थाना क्षेत्र में तस्करी, अवैध घुसपैठ और अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। 47वीं वाहिनी एसएसबी द्वारा इससे पहले भी कई बार नशीले पदार्थों की बड़ी खेप जब्त की जा चुकी है। एसएसबी ने स्पष्ट किया कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!