Wednesday, May 13

चुनाव से पहले रक्सौल नगर परिषद बोर्ड बैठक में विकास योजनाओं की बारिश,नगर सरकार भवन सहित 7.32 करोड़ की योजनाओं को मिली मंजूरी

*नगर सरकार भवन से लेकर सड़क-नाला और सौंदर्यीकरण तक पर जोर

रक्सौल।(Vor desk)। शहर के वार्ड संख्या-1 स्थित नगर परिषद प्रशासनिक भवन के सभागार में मंगलवार को आयोजित नगर परिषद की सामान्य बोर्ड बैठक हंगामेदार माहौल के बीच संपन्न हुई। कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक का संचालन कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने किया। बैठक में कुल छह एजेंडों पर चर्चा हुई और शहर के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में सबसे पहले पूर्व बैठक के निर्णयों की समीक्षा कर उन्हें संपुष्ट किया गया। इसी क्रम में कर संग्राहक पंकज कुमार सिंह को टैक्स दरोगा पद पर पदोन्नति देने के प्रस्ताव को बहुमत से मंजूरी दी गई। इसके बाद शहर की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, पेयजल व्यवस्था और आधारभूत संरचना विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

सदन ने शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों के लिए कुल 7 करोड़ 32 लाख 47 हजार 342 रुपये की योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति दी। प्रमुख योजनाओं में सब्जी बाजार रोड में दोनों तरफ नाला निर्माण एवं ऊंची सड़क निर्माण कार्य शामिल है, जिस पर 32 लाख 26 हजार 500 रुपये खर्च किए जाएंगे।

इसके अलावा मुख्य पथ स्थित जन सुविधा भवन को हटाकर उसकी जगह आधुनिक नगर सरकार भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ 61 लाख रुपये की मंजूरी दी गई। शहर के पुराना पोखरा और बाटा चौक पर सामुदायिक शौचालय तथा कस्टम चौक के पास एस्पिरेशनल टॉयलेट निर्माण कार्य एक सप्ताह के भीतर शुरू करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में वार्ड संख्या-12 स्थित पुरानी पोखरा परिसर में जी-प्लस-टू व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने पर भी सहमति बनी। साथ ही शहर के मुख्य मार्ग पर बने डिवाइडरों के सौंदर्यीकरण का कार्य एक सप्ताह के भीतर प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया।

वार्ड 10 के पार्षद रवि गुप्ता ने डिवाइडर सौंदर्यीकरण के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि डिवाइडर के साथ आकर्षक लाइटिंग व्यवस्था कराने की भी मांग उठाई। वहीं वार्ड 19 के पार्षद सोनू गुप्ता ने अधूरी जल-नल योजनाओं को जल्द पूरा करने की आवश्यकता बताई।

बैठक में वेतन पुनरीक्षण प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। पार्षदों ने कहा कि विभाग के निर्देशों के अनुरूप विधिसम्मत प्रक्रिया अपनाते हुए कर्मियों के वेतन पुनरीक्षण पर कार्रवाई सुनिश्चित हो।

कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि बैठक में पार्षदों द्वारा शहर के विकास को लेकर सकारात्मक सुझाव दिए गए, जिन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया। उन्होंने कहा कि शहर में आवारा पशुओं से बढ़ती परेशानी को देखते हुए हरदिया स्थित चिन्हित भूमि पर एमआरएफ शेड बनाकर पशुओं के रख-रखाव की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया है।

इसके अलावा आईसीपी बाइपास रोड से सरस्वती शिशु विद्या मंदिर तक नहर के दोनों किनारों की सफाई, मिट्टी भराई, फेबर ब्लॉक सोलिंग और वृक्षारोपण कार्य के लिए गंडक विभाग से एनओसी लेने का भी फैसला किया गया।

बैठक में पार्षद रवि कुमार गुप्ता, सोनू कुमार गुप्ता, मुकेश कुमार, कुंदन कुमार, धनश्याम प्रसाद गुप्ता, डिंपल चौरसिया, सीमा गुप्ता, अंतिमा देवी, अनुरागिनी देवी, रंभा देवी, आशा देवी, सुगंती देवी, कांति देवी और नीलाक्षी देवी समेत नगर परिषद के नगर प्रबंधक अवीनाश कुमार राव, प्रभारी प्रधान सहायक चंदेश्वर बैठा, कनीय अभियंता राज कुमार राय, रोहित कुमार, विवेक कुमार, सहायक बैजू जायसवाल, अजीत कुमार, सहित कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!