
रक्सौल।(Vor desk)। अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार ने सोमवार को रक्सौल क्षेत्र में स्थित पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी तथा संबंधित आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की टीम ने शहर के रेहान एचपी पेट्रोल पंप एवं प्रो. मंजू भारत गैस पेट्रोल पंप का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में दोनों पेट्रोल पंपों पर विभागीय प्रावधानों के अनुरूप सभी आवश्यक बिंदुओं की जांच की गई। अधिकारियों ने पेट्रोल-डीजल की गुणवत्ता, माप-तौल की शुद्धता, रजिस्टर संधारण, डिस्प्ले बोर्ड, सुरक्षा मानकों तथा उपभोक्ताओं को दी जाने वाली सुविधाओं सहित अन्य जरूरी पहलुओं का गहन परीक्षण किया।

जांच के दौरान कुछ अनियमितताएं सामने आने पर संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के हितों से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि आगे भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि पेट्रोल पंपों पर पारदर्शिता और व्यवस्था बनी रहे तथा आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
