
रक्सौल।(Vor desk)। रक्सौल में अवैध रूप से संचालित मनी एक्सचेंज काउंटरों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पिछले दिनों की छापेमारी के बाद बंद पड़े काउंटरों के दोबारा खुलते ही पुलिस ने एक बार फिर सख्ती दिखाते हुए छापेमारी की, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया और काउंटर संचालकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु आईपीएस हेमंत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रेलवे ढाला के समीप संचालित एक मनी एक्सचेंज काउंटर पर छापा मारा। बताया जाता है कि यह काउंटर कोईरिया टोला निवासी संजय माथूर द्वारा ‘मनीष एक्सचेंज’ के नाम से संचालित किया जा रहा था। इस कार्रवाई में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की टीम ने भी सहयोग किया। छापेमारी के दौरान काउंटर से भारी मात्रा में भारतीय और नेपाली मुद्रा बरामद की गई, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
पुलिस ने मौके से संचालक संजय माथूर (रक्सौल वार्ड24निवासी)को गिरफ्तार कर लिया और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बरामद नकदी की गिनती के बाद प्रारंभिक रूप से 5लाख 8हजार 718 हजार नेपाली और 2 लाख 63 हजार भारतीय रुपये मिलने की पुष्टि हुई है। जांच में यह भी सामने आया है कि इतनी बड़ी राशि के लेन-देन का कोई वैध रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था और काउंटर बिना लाइसेंस के संचालित किया जा रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है।
प्रशिक्षु आईपीएस हेमंत सिंह ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि पूर्व में छापेमारी के बाद बंद पड़ा यह काउंटर फिर से चालू हो गया है और वहां बड़ी मात्रा में नकदी रखी गई है। सूचना के आधार पर टीम गठित कर कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 22 अप्रैल को भी रेलवे ढाला के पास एक अन्य मनी एक्सचेंज काउंटर पर छापेमारी कर करीब 47 लाख रुपये बरामद किए गए थे, जिसमें सोनू कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया गया था। उस कार्रवाई के बाद अधिकांश काउंटर बंद हो गए थे, लेकिन अब उनके फिर से सक्रिय होने पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मनी एक्सचेंज काउंटर संचालकों पर ठगी, हुंडी और हवाला जैसे अवैध कारोबार में संलिप्त होने के आरोप भी लगते रहे हैं। साथ ही पर्यटकों से मनमाना कमीशन वसूलने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
