Friday, April 24

रक्सौल: बाबा साहब की जयंती की पूर्व संध्या पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने चलाया स्वच्छता अभियान, दीपोत्सव से दी श्रद्धांजलि

रक्सौल।(Vor desk)। संविधान शिल्पी और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती की पूर्व संध्या पर सोमवार को रक्सौल में श्रद्धा और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला।एक ओर जहां अंबेडकर चौक स्थित अम्बेडकर प्रतिमा पर अंबेडकर ज्ञान मंच के तत्वाधान में स्वच्छता और दीप प्रज्वलन किया गया।वहीं, दूसरी ओर भाजपा के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार और क्षेत्रीय विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में कोइरिया टोला स्थित मुख्य पथ पर स्थापित अंबेडकर चौक पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी और भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट करते हुए उनकी प्रतिमा के आसपास व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिमा और परिसर की साफ-सफाई की, जिसके पश्चात बाबा साहब की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

​प्रतिमा स्थल को दीयों की रोशनी से जगमग करते हुए कार्यकर्ताओं ने दीपोत्सव मनाया। इस दौरान मौजूद नेताओं ने कहा कि ये दीप केवल मिट्टी के दीपक नहीं हैं, बल्कि बाबा साहब के न्याय, समानता और बंधुत्व के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के संकल्प के प्रतीक हैं। स्वच्छता और दीपोत्सव के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने संविधान निर्माता के सिद्धांतों पर चलने का सामूहिक संकल्प लिया।

​इस गरिमामय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता सह कार्यवाहक सभापति पति राकेश कुशवाहा ने बाबा साहब के योगदान को याद किया। उनके साथ संगठन जिला रक्सौल के प्रमुख नेता और पार्षद रवि गुप्ता, युवा मोर्चा के जिला महामंत्री कमलेश कुमार,पार्षद पति संजय कुमार (शिक्षक), प्रेम कुशवाहा, प्रेम गुप्ता और कृष्णा पटेल सहित दर्जनों कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने की बात कही। यह आयोजन न केवल एक औपचारिक श्रद्धांजलि था, बल्कि बाबा साहब के आदर्शों को जन-जन तक प्रसारित करने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!