
रक्सौल।(Vor desk)। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार गुरुवार को रक्सौल के किसान नेता चौधरी चरण सिंह गोलम्बर चौराहे पर केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रोफेसर अखिलेश दयाल के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत सहित बिजली दरों में हो रही लगातार वृद्धि के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। इस दौरान उपस्थित कांग्रेसियों ने सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी कड़ी नाराजगी प्रकट की।
पुतला दहन के अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रोफेसर अखिलेश दयाल ने कहा कि जनता पहले से ही महंगाई की मार से त्रस्त है और अब पेट्रोल-डीजल की किल्लत व बिजली की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी का जीना मुहाल कर दिया है। उन्होंने सरकार से बढ़ी हुई दरें तत्काल वापस लेने की मांग की। इस विरोध कार्यक्रम में मुख्य रूप से रक्सौल प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मनोरंजन तिवारी, युवा कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष नूर मोहम्मद, नगर अध्यक्ष छोटेलाल चौरसिया, मोहम्मद असलम, मोहम्मद अफरोज, असहाब आलम, मनीष कुमार, कुंदन कुमार, राजन कुमार, रंजन कुमार, दीपक कुमार और मोहम्मद एजाज सहित दर्जनों कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनहित में महंगाई पर लगाम नहीं लगाई गई, तो कांग्रेस का यह आंदोलन आगे और भी उग्र रूप लेगा।
