Thursday, April 23

रक्सौल अस्पताल पहुंचे क्षेत्रीय स्वास्थ्य निदेशक, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

रक्सौल।(Vor desk)। स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्रीय उपनिदेशक (आरएडी) डॉ. अजय कुमार ने गुरुवार की सुबह स्थानीय अनुमंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की पड़ताल की। डॉ. कुमार अहले सुबह ही अस्पताल परिसर पहुंच गए थे, जहाँ उन्होंने करीब दो घंटे तक रुककर इमरजेंसी वार्ड, लेबर रूम और ओपीडी समेत विभिन्न विभागों का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को कार्यशैली में सुधार लाने तथा मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में कड़े निर्देश दिए। हालांकि, अनुमंडलीय अस्पताल में गहन जांच और बैठक करने के बावजूद वे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नहीं गए।

​क्षेत्रीय निदेशक का यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यह हाल ही में अस्पताल के दो चिकित्सकों पर हुई बड़ी कार्रवाई के तत्काल बाद हुआ है। विदित हो कि बीते 30 मार्च को पूर्वी चंपारण के जिला लोक शिकायत निवारण कार्यालय ने अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. स्वाति सपन और डॉ. विजय कुमार को एक गंभीर मामले में दोषी पाया था। इन चिकित्सकों पर एक मरीज को इलाज के लिए निजी अस्पताल भेजने, आर्थिक शोषण करने और दुर्व्यवहार करने का आरोप सिद्ध हुआ था। लोक शिकायत निवारण कार्यालय ने दोनों के विरुद्ध ‘प्रपत्र क’ गठित करने तथा जांच प्रक्रिया पूरी होने तक उन्हें तत्काल प्रभाव से अन्यत्र स्थानांतरित करने के साथ ही 30दिनों के अंदर स्वास्थ्य व्यवस्था को ठीक करने का आदेश सुनाया है। स्वास्थ्य महकमे के उच्चाधिकारी का इस माहौल में अस्पताल पहुंचना प्रशासनिक व्यवस्था को पटरी पर लाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है,हालाकि,उन्होंने मीडिया से बात चित से परहेज किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!