Monday, November 23

अयोध्या से जनकपुरधाम के बीच दौड़ी ऐतिहासिक ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’:बिहार पहुंचने पर रक्सौल में भव्य स्वागत,सैकड़ों बीजेपी कार्यकर्ता जनकपुर धाम के लिए रवाना

रक्सौल (भारत-नेपाल सीमा)।(Vor desk)। भारत और नेपाल के सदियों पुराने सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों को नई ऊंचाई देते हुए दोनों देशों के बीच एक और ऐतिहासिक रेल संपर्क की शुरुआत हो गई है। उत्तर प्रदेश के अयोध्या धाम से नेपाल के जनकपुरधाम के बीच नई अंतर्राष्ट्रीय साप्ताहिक ट्रेन ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ (गाड़ी संख्या 04295-04296 उद्घाटन स्पेशल ट्रेन) का परिचालन शुरू हो गया है। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के शीर्ष नेतृत्व (बालेंद्र शाह) द्वारा इस अंतर्राष्ट्रीय रेल सेवा का शुभारंभ किए जाने के बाद सोमवार, 23 नवंबर 2026 को यह उद्घाटन स्पेशल ट्रेन अयोध्या धाम से जनकपुरधाम के लिए रवाना हुई।

रक्सौल जंक्शन पर उत्सव जैसा माहौल, गूंजे ‘जय सियाराम’ के नारे

17 कोच वाली यह विशेष ट्रेन निर्धारित समय रात 11:10 बजे भारत-नेपाल सीमा स्थित बिहार के रक्सौल स्टेशन पहुंची, जहां 5 मिनट के ठहराव के दौरान स्टेशन परिसर उत्सव के रंग में रंग गया। ट्रेन के पहुंचते ही पूरा स्टेशन परिसर ‘जय श्री राम’ और ‘जय सियाराम’ के जयघोष से गूंज उठा।
भाजपा संगठन जिला रक्सौल के जिलाध्यक्ष अशोक पांडे,पूर्व प्रदेश मुख्यालय सह प्रभारी जितेंद्र कुशवाहा, सांसद डॉ. संजय जायसवाल के निजी सचिव अखिलेश्वर सिंह, सांसद प्रतिनिधि राज किशोर सिंह उर्फ भगत जी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गुड्डू सिंह, भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष मनीष दुबे, भाजपा नेता प्रेम चंद्र कुशवाहा सहित अन्य नेताओं व कार्यकर्ताओं ने ट्रेन और यात्रियों का फूल-मालाओं तथा चाय-बिस्कुट से भव्य स्वागत किया और हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया।

‘ससुराल और नैहर का मिलन’: 137 कार्यकर्ता जनकपुरधाम रवाना

इस ऐतिहासिक यात्रा के साक्षी बनने के लिए रक्सौल से भाजपा के 137 कार्यकर्ता जनकपुरधाम के लिए रवाना हुए। इस जत्थे में प्रमुख रूप से मंडल अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह, नगर अध्यक्ष मंटू गुप्ता, आदापुर अध्यक्ष नितेश पटेल, भवानीपुर अध्यक्ष अजीत श्रीवास्तव, ग्रामीण अध्यक्ष रिंकू पांडे, अति पिछड़ा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष भोला साह, कार्यालय मंत्री व पार्षद रवि गुप्ता, महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष सीमा गुप्ता और महिला मोर्चा की जिला महामंत्री पार्वती तिवारी शामिल हैं।बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी शामिल रही।

भारत-नेपाल के साझा रिश्तों और व्यापार को मिलेगी नई गति
ट्रेन के आगमन पर सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। स्थानीय लोगों और नेताओं ने भावुक होते हुए कहा कि “पहले अयोध्या में भव्य राम मंदिर बना और अब माता जानकी की नगरी जनकपुरधाम के लिए सीधी ट्रेन चल गई। युगों से जो रिश्ता प्रतीक्षा में था, आज इस ट्रेन ने ‘ससुराल और नैहर’ को एक कर दिया है।”


संगठन जिला रक्सौल के भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पांडे,पूर्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष प्रो. मनीष दुबे ,प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गुड्डू सिंह,सांसद प्रतिनिधि राज किशोर राय उर्फ भगत जी सहित पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस दोनों देशों की साझा संस्कृति, आस्था और भाईचारे का जीवंत प्रतीक है। रक्सौल, नरकटियागंज, सीतामढ़ी और जयनगर जैसे सीमावर्ती स्टेशनों से गुजरने के कारण श्रद्धालुओं, छात्रों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी नई मजबूती मिलेगी। सभी ने इस ऐतिहासिक सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नेपाल नेतृत्व, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और स्थानीय सांसद डॉ. संजय जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रमुख बिंदु और समय-सारणी

  • प्रमुख रूट: अयोध्या धाम – बस्ती – गोरखपुर – नरकटियागंज – रक्सौल – सीतामढ़ी – मधुबनी – जयनगर कस्टम यार्ड – जनकपुरधाम।
  • कार्तिक पूर्णिमा पर वापसी: यह उद्घाटन स्पेशल ट्रेन मंगलवार, 24 नवंबर (कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर) को जनकपुरधाम से वापस अयोध्या धाम के लिए रवाना होगी।
  • रक्सौल में वापसी का समय: वापसी के क्रम में ट्रेन मंगलवार रात 8:45 बजे रक्सौल पहुंचेगी और 8:50 बजे प्रस्थान करेगी।
  • नियमित परिचालन: रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस ट्रेन के नियमित साप्ताहिक परिचालन की समय-सारणी को लेकर पूर्व मध्य रेलवे द्वारा जल्द ही विस्तृत अधिसूचना जारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!