
पीएम नरेंद्र मोदी और नेपाल के पीएम बालेन्द्र शाह संयुक्त रूप से दिखा सकते हैं हरी झंडी, प्रस्तावित रूट में गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा और जयनगर शामिल; रामायण सर्किट को मिलेगी नई रफ्तार
रक्सौल।(Vor desk)। भगवान श्रीराम और माता जानकी के भक्तों के लिए अच्छी खबर है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुरधाम के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने की उम्मीद अब प्रबल हो गई है। भारत और नेपाल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को नई ऊंचाई देने वाली इस महत्वाकांक्षी रेल सेवा का उद्घाटन 23 नवंबर को होने की संभावना है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकते हैं। इस कार्यक्रम को लेकर अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर भी तैयारियां शुरू होने की सूचना है।
इस प्रस्तावित रेल सेवा की सबसे खास बात यह है कि ट्रेन रक्सौल के रास्ते गुजरेगी। उत्तर रेलवे की योजना के अनुसार अयोध्या कैंट से जनकपुरधाम के बीच प्रस्तावित ट्रेन गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा और जयनगर होते हुए नेपाल पहुंचेगी। इससे सीमावर्ती रक्सौल को अंतरराष्ट्रीय धार्मिक रेल संपर्क से जुड़ने का अवसर मिलेगा। रेल सेवा शुरू होने से रक्सौल सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को भी अयोध्या और जनकपुरधाम की यात्रा में सहूलियत होगी।
रेलवे बोर्ड ने शुरू की उद्घाटन की तैयारी
सूत्रों के अनुसार, रेल मंत्रालय और रेलवे बोर्ड की ओर से इस संबंध में उत्तर रेलवे, नई दिल्ली तथा पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर के महाप्रबंधकों को पत्र भेजा गया है। पत्र में विदेश मंत्रालय की ओर से 23 नवंबर को अयोध्या-जनकपुरधाम नई यात्री ट्रेन सेवा के उद्घाटन की संभावना जताई गई है। प्रस्तावित कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक, अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और महापौर गिरीश पति त्रिपाठी सहित कई गणमान्य लोगों की मौजूदगी प्रस्तावित है।इसका आमंत्रण पत्र भी तैयार हो चुका है।

जयनगर-जनकपुर रेलखंड का निरीक्षण और स्पीड ट्रायल
नेपाल सरकार ने नई ट्रेन के परिचालन को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। जनकपुर-जयनगर रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों और रेलवे ट्रैक को दुरुस्त किया गया है। भारत और नेपाल के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने जयनगर से जनकपुर और कुर्था तक रेलखंड का निरीक्षण एवं स्पीड ट्रायल किया है। इस दौरान कंट्रोल रूम, पैनल रूम, सिग्नल सिस्टम, ट्रैक चेंज, ट्रेन परिचालन तथा यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जांच की गई। स्टेशन अधीक्षकों और ऑपरेटिंग कर्मचारियों से भी परिचालन संबंधी जानकारी ली गई। सुरक्षा एजेंसियों ने रेलखंड की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है। हालांकि, दोनों देशों के बीच अंतिम सहमति और परिचालन संबंधी औपचारिकताएं पूरी होनी बाकी हैं।
साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का है प्रस्ताव
उत्तर रेलवे की ओर से अयोध्या कैंट और जनकपुरधाम के बीच 03219/03220 नंबर की साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।ऐसी सूचना है कि यह ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन होगी।प्रस्तावित समय-सारिणी के अनुसार जनकपुर से शनिवार दोपहर 1:30 बजे ट्रेन रवाना होकर रविवार सुबह 4 बजे अयोध्या पहुंचेगी। वापसी में अयोध्या से शाम 5 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह जनकपुर पहुंचने का प्रस्ताव है।चर्चा के मुताबिक,इसमें 20 कोच होगी।इस ट्रेन के सफर की दूरी करीब 604किलो मीटर होगी। हालांकि, अंतिम समय-सारिणी और परिचालन की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। शुरुआत में साप्ताहिक स्पेशल के रूप में चलाने के बाद इसे नियमित करने की योजना है।
रामायण सर्किट और भारत-नेपाल के रिश्तों को मिलेगी मजबूती
अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है, जबकि जनकपुरधाम माता जानकी की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। दोनों पवित्र स्थलों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं को सड़क मार्ग के अलावा रेल यात्रा का विकल्प मिलेगा। अभी यात्रियों को कई ट्रेनें बदलकर या सड़क मार्ग से लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। सीधी सेवा से यात्रा अधिक सुगम होने के साथ धार्मिक पर्यटन और सीमावर्ती कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे भारत-नेपाल के सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों को नई मजबूती मिलेगी।
इधर, गोरखपुर-नरकटियागंज-रक्सौल-सीतामढ़ी-दरभंगा रेलखंड के दोहरीकरण की योजना भी क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी के लिहाज से महत्वपूर्ण है। संबंधित रेलखंडों के दोहरीकरण पर करीब 4,553 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की योजना है। इससे भविष्य में यात्री और मालगाड़ियों के परिचालन को गति मिलने की उम्मीद है। अयोध्या-जनकपुरधाम रेल सेवा की संभावित शुरुआत की खबर से रक्सौल और आसपास के सीमावर्ती इलाकों में खुशी और उत्साह का माहौल है।
