Tuesday, November 10

छठ की खुशियों पर पुलिस कार्रवाई का साया,यूपी के बलिया मुठभेड़ में बिहार के घायल युवक शेखर को लेकर उठे सवाल

घर से हिरासत में लिए गए शेखर का बलिया में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी का दावा, परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल; सीसीटीवी डीवीआर और मोबाइल ले जाने का भी आरोप

मंदिरों में चोरी के अंतरराज्यीय नेटवर्क पर दो राज्यों की पुलिस की कार्रवाई, मोतिहारी में चार तो बलिया में पांच आरोपित गिरफ्तार; परिजनों की मांग- निष्पक्ष जांच हो, निर्दोषों को मिले रिहाई

रक्सौल। (Vor Desk)। छठ महापर्व की खुशियां एक परिवार के लिए पुलिस कार्रवाई, गिरफ्तारी और मुठभेड़ की खबरों के बीच मातम में बदल गई हैं। पूर्वी चंपारण के आदापुर प्रखंड स्थित गम्हरिया खुर्द गांव निवासी शेखर कुमार उर्फ चंद्रशेखर कुमार के उत्तर प्रदेश के बलिया में पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने और गिरफ्तारी की खबर से परिजन सदमे में हैं। वहीं, उनके बड़े भाई सुभाष महतो पहले से मोतिहारी जेल में बंद हैं। परिजनों का आरोप है कि तीन नवंबर की मध्यरात्रि घर से हिरासत में लिए जाने के बाद शेखर के संबंध में उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। दूसरी ओर, यूपी पुलिस ने बलिया की कार्रवाई में गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान चंद्रशेखर कुमार के रूप में सार्वजनिक की है।

घर से हिरासत में लेने के बाद बलिया में गिरफ्तारी का दावा

परिजनों के मुताबिक, तीन नवंबर की रात पुलिस शेखर कुमार, उनके बड़े भाई सुभाष महतो और भतीजे नरेंद्र कुमार को घर से अपने साथ ले गई थी। दरवाजे पर खड़ी इनोवा गाड़ी भी मोतिहारी ले जाई गई। अगले दिन नरेंद्र कुमार को छोड़ दिया गया, जबकि सुभाष महतो को जेल भेज दिया गया। शेखर के बारे में परिवार को गिरफ्तारी और उनके विरुद्ध कार्रवाई की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली। इसी बीच सोशल मीडिया के माध्यम से पता चला कि बलिया के रसड़ा में पुलिस मुठभेड़ के दौरान शेखर को गोली लगी है। वर्तमान में उनका बलिया जिला अस्पताल में इलाज चलने की जानकारी सामने आई है।

पत्नी, बच्चों और वृद्ध मां पर टूटा दुखों का पहाड़

शेखर की पत्नी अंजू देवी, पुत्रियां नीरू, सिमरन, नेहा और अंजली, पुत्र शिवम तथा वृद्ध मां सुनैना देवी की चिंता बढ़ गई है। घर की कमजोर आर्थिक स्थिति और बच्चों के भरण-पोषण की मुश्किलों के बीच परिवार के दोनों भाइयों की अनुपस्थिति ने संकट और गहरा कर दिया है।बैंक के किश्तो को चुकाने की चिंता बढ़ गई है। परिजनों का कहना है कि छठ जैसे महापर्व पर जिस घर में तैयारियां और उत्साह होना चाहिए था, वहां अब चिंता और अनिश्चितता का माहौल है।

ग्रामीणों ने कहा- निष्पक्ष जांच हो, निर्दोषों को रिहा किया जाए

परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि गांव में किसी से भी पूछ लिया जाए, सुभाष और शेखर गलत व्यक्ति नहीं हैं। घर की आर्थिक स्थिति देखकर ही परिवार की मुश्किलों का अंदाजा लगाया जा सकता है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि जो दोषी हैं, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई हो, लेकिन निर्दोष लोगों को रिहा किया जाए। परिजनों का सवाल है कि यदि पुलिस के पास आरोपों के समर्थन में साक्ष्य हैं तो उन्हें इसकी जानकारी विधिवत क्यों नहीं दी गई?

पुलिस पर जबरन प्रवेश, गाली-गलौज और सामान ले जाने के आरोप

परिवार और ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई के दौरान कथित दुर्व्यवहार के आरोप भी लगाए हैं। गाली-गलौज करने, मारपीट करने,मोबाइल छीनने और घर में जबरन प्रवेश करने की शिकायत की गई है। पड़ोसी अशोक महतो ने आरोप लगाया कि पुलिस उनके मिल सह घर में जबरन घुसी और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर/हार्ड डिस्क निकालकर ले गई। उनके बेटे का मोबाइल भी पुलिस अपने साथ ले गई, जो अब तक वापस नहीं मिला है। इन आरोपों पर संबंधित पुलिस अधिकारियों का पक्ष सामने आना बाकी है।

इनोवा की नंबर प्लेट पर भी उठे सवाल

ग्रामीणों ने यूपी पुलिस के उस दावे पर भी सवाल उठाया है, जिसमें बलिया में पकड़ी गई इनोवा को बिना नंबर प्लेट का बताया गया है। उनका कहना है कि जिस गाड़ी को पुलिस तीन नवंबर की रात उनके घर से लेकर गई थी, उस पर नंबर प्लेट लगी हुई थी। ऐसे में वाहन की पहचान और उसके घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। परिजनों और ग्रामीणों ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

बलिया पुलिस ने पांच गिरफ्तारियों और बरामदगी की दी जानकारी

बलिया पुलिस के अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दिनेश कुमार शुक्ल के मुताबिक,पांच और छह नवंबर की मध्यरात्रि रसड़ा थाना क्षेत्र के लखनेश्वर डीह मंदिर-अमवा मार्ग पर वाहन जांच के दौरान इनोवा सवार लोगों ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में आदापुर के गम्हरिया खुर्द निवासी चंद्रशेखर कुमार और पूर्वी चंपारण के पचपकड़ी थाना क्षेत्र निवासी जिशान आलम सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। चंद्रशेखर और जिशान के पैर में गोली लगने की जानकारी दी गई है। अन्य गिरफ्तार आरोपितों में सूरज पासवान, चनशेखर और पश्चिमी चंपारण के बताए जा रहे बाला लखन्दर शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों के कब्जे से इनोवा वाहन, दो तमंचे, चार कारतूस, लोहे का रॉड, प्लास, पेचकस और टेप बरामद किए गए। इसके अलावा बलिया और गाजीपुर के मंदिरों से चोरी की गई करीब 300 ग्राम चांदी तथा छतरी आदि सामान मिलने का दावा किया गया है।

मोतिहारी में चार गिरफ्तारियों का मामला इससे अलग

इस पूरे घटनाक्रम में एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी है कि मोतिहारी पुलिस ने तीन नवंबर की रात मंदिरों में चोरी के एक अन्य मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया था। चार नवंबर को सदर-1 के डीएसपी दिलीप कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी थी। गिरफ्तार लोगों में आदापुर के श्यामपुर बाजार निवासी दिनेश कुमार स्वर्णकार, गम्हरिया खुर्द निवासी सुभाष महतो, लखौरा के बबलू कुमार और घोड़ासहन के श्याम सुंदर कुमार शामिल थे। पुलिस ने इनके पास से भी मंदिरों से चोरी के करीब 300 ग्राम चांदी के आभूषण और छतरी बरामद होने की जानकारी दी थी।

गौरतलब है कि मोतिहारी पुलिस की ओर से घोषित इन चार गिरफ्तार आरोपितों के नाम बलिया में गिरफ्तार किए गए पांच लोगों की सूची में शामिल नहीं हैं। इस तरह दोनों राज्यों में हुई गिरफ्तारियों और कथित अंतरराज्यीय नेटवर्क की कड़ियों को लेकर कई सवाल सामने आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस की ओर से दोनों मामलों के बीच संबंध और आरोपितों की भूमिका को लेकर विस्तृत आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आना बाकी है।

वरीय अधिकारियों के जवाब पर टिकी निगाहें

इधर, पुलिस सूत्रों का कहना है कि जिला पुलिस के साथ बलिया पुलिस की टीम भी आई थी। इस मामले में विस्तृत जानकारी वरीय अधिकारी ही दे सकते हैं। अब सवाल यह है कि तीन नवंबर की रात घर से हिरासत में लिए गए शेखर की बलिया में हुई गिरफ्तारी की पूरी कड़ी क्या है? इनोवा की पहचान और नंबर प्लेट को लेकर उठे सवालों का जवाब कौन देगा? परिजनों के आरोपों और दोनों राज्यों में हुई अलग-अलग गिरफ्तारियों की परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच से ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।(रिपोर्ट: पीके गुप्ता)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!