
चोरी के ट्रैक्टर के साथ एक गिरफ्तार, वैशाली में दर्ज था मामला
आदापुर थाना क्षेत्र के सिरिसिया कलां मठिया स्कूल के पास वाहन जांच के दौरान एचएचडी मशीन से हुआ खुलासा
रक्सौल। आदापुर थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने चोरी के ट्रैक्टर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। ट्रैक्टर की जांच में उसका रजिस्ट्रेशन नंबर और चेसिस नंबर अलग-अलग पाया गया। जांच के दौरान उक्त ट्रैक्टर पर वैशाली जिले के देसरी थाना में वर्ष 2017 में दर्ज चोरी का मामला सामने आया।
पुलिस के अनुसार, सिरिसिया कलां मठिया स्कूल के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एचएचडी मशीन के माध्यम से एक ट्रैक्टर की जांच की गई। जांच में ट्रैक्टर का रजिस्ट्रेशन नंबर और चेसिस नंबर भिन्न पाया गया। गहराई से पड़ताल करने पर पता चला कि उक्त ट्रैक्टर के संबंध में देसरी थाना कांड संख्या 63/17 दर्ज है।
इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर के साथ मौजूद सेराज आलम (पिता हुसनजान मियां), निवासी सिरिसिया कलां, थाना आदापुर, जिला पूर्वी चंपारण को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
