Wednesday, October 28

चक्रवात ‘अर्णव’ का असर: नेपाल में शुक्रवार और शनिवार को भारी बारिश की आशंका

मधेश,कोशी,, बागमती और गंडकी प्रदेश में मेघगर्जन व वज्रपात के साथ बारिश का अनुमान, किसानों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह

बिहार से लगे सीमा क्षेत्र में भी होगा असर,परसा,बारा जिला में सतर्क करने के लिए चलाया जा रहा जागरूकता अभियान

रक्सौल।(Vor desk)। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवात ‘अर्णव’ का असर नेपाल के मौसम पर पड़ने की संभावना है। बिहार से लगे नेपाल सीमा क्षेत्र में भी इसका असर रहेगा। अर्णव चक्रवात के प्रभाव से गुरुवार से मौसम में बदलाव होगा, जबकि शुक्रवार और शनिवार को नेपाल के कई प्रदेशों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। जल तथा मौसम विज्ञान विभाग ने संभावित खराब मौसम को देखते हुए आम लोगों, किसानों और पर्यटकों से सतर्कता बरतने की अपील की है।सीमा क्षेत्र वासियों को सतर्क करने लिए परसा,बारा सहित अन्य जिलों में जन जगरूता अभियान भी शुरू किया गया है।

विभाग की ओर से जारी विशेष मौसम बुलेटिन के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती प्रणाली के लगातार शक्तिशाली होने की संभावना है। इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने तथा बुधवार को भारत के आंध्र प्रदेश और विशाखापत्तनम के बीच यानम के निकट तटीय क्षेत्र से टकराने का अनुमान है।

कई प्रदेशों में भारी बारिश की आशंका

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार और शनिवार को कोशी, मधेश, बागमती तथा गंडकी प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना है। लुम्बिनी प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं, कर्णाली और सुदूरपश्चिम प्रदेश के कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश तथा एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

किसानों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह

संभावित बारिश को देखते हुए विभाग ने पहाड़ी और तराई क्षेत्रों के लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। धान की फसल कटाई सहित कृषि कार्यों में जुटे किसानों को मौसम का पूर्वानुमान देखकर काम करने को कहा गया है। उच्च पहाड़ी और हिमालयी क्षेत्रों में भारी हिमपात, हिमआंधी तथा हिमस्खलन का खतरा भी जताया गया है।

विभाग ने पर्यटकों को ऊंचे हिमालयी क्षेत्रों में जाने से बचने और पहले से वहां मौजूद पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। भारी बारिश से भूस्खलन की आशंका के साथ सड़क और हवाई यातायात तथा सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में संबंधित निकायों और आम लोगों से आवश्यक पूर्वतैयारी करने की अपील की गई है।

115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सोमवार सुबह चक्रवाती तूफान ‘अर्णव’ केंद्रित था। यह अंडमान द्वीप समूह के श्री विजयपुरम से लगभग 590 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम तथा विशाखापत्तनम से 650 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व में स्थित था।

पूर्वानुमान के अनुसार, तूफान के और शक्तिशाली होने तथा बुधवार को आंध्र प्रदेश-यानम तट पार करने की संभावना है। उस समय हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि तेज झोंकों की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।

विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी ताजा सूचनाओं पर नजर रखने और संभावित जोखिमों को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!