Sunday, October 18

501 कलशों की स्थापना के साथ नागा रोड काली मंदिर में नवरात्र की धूम,अष्टमी पर महा काल भैरव स्नान और विशेष भस्म आरती

तांत्रिक विधि से नौ दिनों तक हो रही मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना, महानवमी पर होगा महाप्रसाद

रक्सौल।(Vor desk)। भारत-नेपाल सीमा के प्रमुख व्यापारिक केंद्र रक्सौल के नागा रोड स्थित ऐतिहासिक काली मंदिर में शारदीय नवरात्र को लेकर भक्ति और आस्था का माहौल है। मंदिर परिसर में घटस्थापना को 501 कलशों की स्थापना के साथ नौ दिवसीय अनुष्ठान शुरू हुआ। मां भगवती के जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान है। नवरात्र के दौरान मां काली के दर्शन, विशेष पूजन और तांत्रिक विधि से होने वाली आराधना के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

मां काली के साथ विराजमान हैं अन्य देवी-देवता

वर्ष 1993में स्थापित नागा रोड स्थित इस सेवक संजय नाथ तांत्रिक काली न्यास मंदिर के गर्भगृह में दशमुखी मां काली की भव्य प्रतिमा स्थापित है। मंदिर परिसर में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों के साथ महाकाल भैरव और अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र हैं। नवरात्र के अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है।

सुबह-शाम भस्म आरती, तांत्रिक विधि से विशेष अनुष्ठान

मंदिर के पीठाधीश्वर एवं जगतगुरु वामाचार्य सेवक संजय नाथ के मार्गदर्शन में नौ दिनों तक तांत्रिक पद्धति से मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना की जा रही है। मंदिर की विशेष धार्मिक परंपराओं में सुबह और शाम होने वाली भस्म आरती भी शामिल है। इस दौरान निर्धारित विधि-विधान के अनुसार मां की पूजा की जाती है।

सप्तमी तिथि पर देवी का महास्नान, विशेष पूजन और श्रृंगार किया गया। वहीं, महाष्टमी की रात्रि में महाकाल भैरव के स्नान के साथ विशेष निशा पूजा संपन्न हुई। इन अनुष्ठानों के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

कई राज्यों और नेपाल से पहुंच रहे श्रद्धालु

नवरात्र के इस अनुष्ठान में शामिल होने के लिए बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा उत्तर प्रदेश, झारखंड, उत्तराखंड और पड़ोसी देश नेपाल से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की बात कही गई है। मंदिर में 501 कलशों की स्थापना और विशेष पूजा-अर्चना को लेकर भक्तों में उत्साह है।

पीठाधीश्वर सेवक संजय नाथ ने बताया कि महानवमी के अवसर पर मंदिर परिसर में विशाल महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। नवरात्र के समापन की ओर बढ़ते अनुष्ठानों के बीच नागा रोड काली मंदिर में धार्मिक गतिविधियां जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!