Saturday, October 3

गांधी जयंती पर ‘मौन’ का वार: तिरंगा व अन्य घोटालों पर चुप रक्सौल प्रशासन को रवि मस्करा ने गांधीवादी अंदाज में घेरा


रक्सौल (vor desk)। जब भ्रष्टाचार के शोर के बीच शिकायतों से भरे फाइलों का अंबार भी सोए हुए तंत्र को जगाने में नाकाम साबित हो जाए, तो फिर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बताए अहिंसक रास्तों की गूंज ही अंतिम हथियार बनती है। गांधी जयंती के पावन अवसर पर शहर के कोइरिया टोला स्थित नगर परिषद कार्यालय सह सुविधा केंद्र पर कुछ ऐसा ही अनोखा मंजर देखने को मिला।
रक्सौल नगर परिषद की कार्यप्रणाली और स्थानीय प्रशासन की कथित रहस्मयी चुप्पी के खिलाफ समाजसेवी रवि मस्करा ने बिना एक शब्द बोले, मौन सत्याग्रह का रास्ता चुना। उनका यह शांत विरोध तंत्र की उसी खामोशी पर करारा तमाचा था, जिसे वे महीनों से विभागीय दफ्तरों के चक्कर काटते हुए महसूस कर रहे थे।
सत्याग्रह के उपरांत जारी एक विस्तृत बयान और जारी प्रेस विज्ञप्ति में श्री मस्करा ने नगर परिषद में जारी वित्तीय अनियमिताओं की लंबी फेहरिस्त उजागर की। उन्होंने कहा कि नल-जल योजना से लेकर रात में शहर को रोशन करने वाली स्ट्रीट लाइटों तक, और मशीनों, कूड़ेदानों, कचरा बॉक्सों की खरीद से लेकर दैनिक कर्मचारियों के वेतन तक—हर स्तर पर धांधली के गंभीर आरोप लगे हैं। बात यहीं खत्म नहीं होती; सड़क, नाला, डिवाइडर और सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण कार्यों में भी अनियमितता की गूंज है। हद तो तब पार हो गई जब हमारी राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक ‘तिरंगा’ भी इन संदिग्ध खरीदारियों और घोटालों की आंच से अछूता न रह सका।
श्री मस्करा के अनुसार, इन अनियमितताओं के खिलाफ वे दरवाजे खटखटाते-खटखटाते थक चुके हैं। उन्होंने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी से लेकर रक्सौल के अंचलाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी और जिले के सर्वोच्च प्रशासनिक अधिकारी जिलाधिकारी तक को साक्ष्यों सहित आवेदन सौंपे। लेकिन हर चौखट पर उन्हें केवल एक ही जवाब मिला—अधिकारियों की गहरी खामोशी।
“जब पूरे तंत्र ने चुप्पी साध ली हो, तो जनता की आवाज बनने का सबसे सशक्त माध्यम गांधी जी का मौन ही हो सकता है,” श्री मस्करा ने कहा। उन्होंने उम्मीद जताई कि अहिंसा और मौन के इस अहिंसक गांधीवादी प्रहार से बेपरवाह पड़े प्रशासनिक अधिकारी आखिरकार जागेंगे और रक्सौल नगर परिषद में जारी इन घोटालों पर अपनी जुबान खोलते हुए एक निष्पक्ष जांच का मार्ग प्रशस्त करेंगे।मौके पर मुमताज खान ,मो फिरोज ,रौशन कुमार ,
कुंदन कुमार ,राहुल पटेल ओम प्रकाश दास
दिनेश यादव सहित अन्य मौजूद रहे।(रिपोर्ट:पीके गुप्ता)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!