Friday, October 2

रक्सौल में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत तीन स्थानों पर लगा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, 225 से अधिक लोगों की हुई जांच

​रक्सौल | (Vor desk)

​स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत रक्सौल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) की ओर से शहर व प्रखंड क्षेत्र के तीन अलग-अलग स्थानों पर नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच व चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान 225 से अधिक मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें नि:शुल्क दवाएं वितरित की गईं और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह दी गई।

​पहला शिविर तुमड़िया टोला स्थित नगर परिषद कार्यालय सभागार में आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय एवं जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार के उप सचिव के निर्देश पर आयोजित हुआ। कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार की देखरेख में आयोजित इस शिविर में सिटी मैनेजर अविनाश कुमार राव व स्वच्छता पदाधिकारी कन्हैया कुमार सहित अन्य अधिकारी सक्रिय रहे। यहाँ डॉ. विकास कुमार के नेतृत्व में फार्मासिस्ट रवीन्द्र राम तथा एएनएम खुशबू, नेहा चौबे, रिंकी, अंजू और अर्चना की टीम ने 100 से अधिक लोगों की जांच व इलाज किया। कार्यक्रम के दौरान सफाई कर्मियों को आयुष्मान कार्ड और ‘नमस्ते’ आई-कार्ड वितरित किए गए, साथ ही कार्य के दौरान सुरक्षा को लेकर व्यावसायिक एवं सुरक्षा प्रशिक्षण भी दिया गया।

​दूसरा शिविर बिहार सरकार के निर्देश पर प्रखंड कार्यालय सभागार में ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ के रूप में आयोजित किया गया। बीडीओ राजू कुमार व अन्य अधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति में आयोजित इस शिविर में डॉ. राजेश्वर प्रसाद, लैब टेक्नीशियन निलेश कुमार तथा एएनएम रूपम, शबनम, अनामिका, जूही और कशिश की टीम ने करीब 125 मरीजों का इलाज किया। इसके अलावा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) की टीम ने दोनों मुख्य स्थलों पर अपनी सेवाएं दीं।

​तीसरा शिविर लौकरिया स्थित एडिशनल पीएचसी में लगाया गया, जहाँ स्थानीय ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन कुमार ने बताया कि सभी शिविरों में पर्याप्त मात्रा में दवाएं, ग्लूकोमीटर, बीपी मशीन और हीमोग्लोबिन मीटर उपलब्ध कराए गए थे। शिविर में पहुंचे लोगों को हृदय रोग, मधुमेह और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव की जानकारी दी गई और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।(रिपोर्ट:पीके गुप्ता)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!