
वीरगंज।(Vor desk)। नेपाल के वीरगंज महानगर पालिका वार्ड नंबर 15 स्थित वास्तु बिहार चौक के पास सड़क पर बुधवार शाम खड़ी की गई एक भारतीय नंबर प्लेट की कार के अंदर से सशस्त्र पुलिस ने 4 पिस्टल और एसएलआर की 6 राउंड गोलियां बरामद की हैं।
सशस्त्र पुलिस बल नेपाल की इंटेलिजेंस ब्यूरो से तैनात टीम ने 2 सिक्सर पिस्टल, 2 कट्टा (देशी पिस्टल) और 7.62एम एम एसएलआर की 6 राउंड गोलियां बरामद की हैं।
सशस्त्र पुलिस के अनुसार, बरामद पिस्टल और कारतूस के साथ कार को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए जिला पुलिस कार्यालय पर्सा को सौंप दिया गया है।
उक्त कार किसने और क्यों वहां खड़ी की थी, तथा हथियार व कारतूस कौन और किस मकसद से लाया था, इस बारे में सशस्त्र पुलिस ने फिलहाल कोई खुलासा नहीं किया है।
