Thursday, September 17

एसएसबी महानिरीक्षक निशित कुमार उज्जवल ने 47वीं वाहिनी रक्सौल का किया दो दिवसीय दौरा, जवानों का बढ़ाया हौसला

रक्सौल (vor desk)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), सीमान्त पटना के महानिरीक्षक निशित कुमार उज्जवल (भा.पु.से.) का 47वीं वाहिनी एसएसबी रक्सौल का दो दिवसीय आधिकारिक दौरा बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस दौरान महानिरीक्षक ने भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और परिचालन संबंधी तैयारियों का गहन जायजा लिया।

दौरे के पहले दिन मंगलवार को महानिरीक्षक सर्वप्रथम एसएसबी की बाह्य सीमा चौकी हरपुर पहुँचे। यहाँ उन्होंने सीमांत क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और तैनात जवानों से सीधे संवाद कर उनकी व्यक्तिगत एवं ड्यूटी से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। इसके पश्चात वे सीमा चौकी धुपवाटोला पहुँचे, जहाँ आयोजित सैनिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने जवानों के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की। उन्होंने बलकार्मिकों को पूर्ण अनुशासन, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। सम्मेलन के बाद आयोजित पारंपरिक सामूहिक भोज (बड़ा खाना) में भी महानिरीक्षक ने जवानों के साथ सहभागिता की।

दौरे के दूसरे दिन बुधवार को महानिरीक्षक निशित कुमार उज्जवल ने सीमा चौकी सेनुवरिया का दौरा किया। यहाँ उन्होंने निर्माणाधीन भवन के कार्यों का जायजा लिया और कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने मौके पर मौजूद जवानों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

निरीक्षण के दौरान 47वीं वाहिनी एसएसबी के कार्यवाहक कमांडेंट सह द्वितीय कमान अधिकारी संजय रावत सहित वाहिनी के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!