Saturday, September 5

भारती पब्लिक स्कूल में जन्माष्टमी की धूम, नन्हे कान्हा-राधा ने मोहा मन

कृष्ण-सुदामा नाटक ने दिया मित्रता और समानता का संदेश, रंगारंग प्रस्तुतियों से भक्तिमय हुआ माहौल

रक्सौल।(Vor desk)। शहर के नागा रोड स्थित भारती पब्लिक स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्ले ग्रुप से लेकर कक्षा आठवीं तक के छात्र-छात्राओं ने राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों, नृत्य, गीत और अभिनय के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं संदेशों को जीवंत कर दिया। नन्हे कान्हा और राधा के रूप में सजे बच्चों ने अपनी मासूमियत और आकर्षक प्रस्तुतियों से अभिभावकों व दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर परिषद रक्सौल की कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी, भारती फाउंडेशन की चीफ ट्रस्टी शारदा तिवारी, विद्यालय के निदेशक प्रो. मनीष दुबे और प्रधानाचार्य आमोद श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें भारतीय संस्कृति, परंपरा और संस्कारों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।

कृष्ण-सुदामा की मित्रता ने छुआ दिल

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ‘कृष्ण-सुदामा’ नाटक रहा। बच्चों ने कृष्ण और सुदामा की अटूट मित्रता तथा द्वारका में दोनों के भावुक मिलन का प्रभावशाली मंचन किया। प्रस्तुति के माध्यम से सच्ची मित्रता, प्रेम और सामाजिक ऊंच-नीच के भेदभाव को समाप्त करने का संदेश दिया गया।

प्ले ग्रुप और प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों ने कृष्ण और राधा के रूप में सजकर विभिन्न नृत्य एवं गीत प्रस्तुत किए। मंच पर बांसुरी बजाते कान्हा, राधा की मनमोहक छवि और कृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।

एंकरिंग ने भी बांधा समां

कार्यक्रम की रूपरेखा एवं मंच संचालन मनोज श्रीवास्तव के निर्देशन में हुआ। वहीं छात्राओं सुहानी चौरसिया और शिवानी कुमारी ने प्रभावपूर्ण एंकरिंग से कार्यक्रम को जीवंत बनाए रखा।

विद्यालय के निदेशक प्रो. मनीष दुबे एवं प्रधानाचार्य आमोद श्रीवास्तव ने आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों में भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के प्रति समझ विकसित करने के साथ उनके आत्मविश्वास और प्रतिभा को निखारने का माध्यम हैं।

इन शिक्षक-शिक्षिकाओं का रहा योगदान

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक राकेश श्रीवास्तव, अजय सिंह, बी.के. मिश्रा, अरविंद कुमार, रवींद्र श्रीवास्तव, विजय कुमार, सुब्रत राज मधुकर, प्रकाश कुमार, पवन कुमार, अनमोल कुमार, राहुल गुप्ता, मोहम्मद जुनैद, गौतम कुमार, रौनक कुमार और इरफान आलम की भूमिका रही।

वहीं शिक्षिकाओं आरती ठाकुर, रंजना शाही, खुशबू गुप्ता, अनुराधा श्रीवास्तव, सलमा खातून, रचना गुप्ता, सलोनी कुशवाहा, श्वेता पटेल और शिवानी सिंह राजपूत ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!