
रक्सौल।(Vor desk)। स्थानीय एसएवी (SAV) स्कूल में कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर पूरी तरह भक्ति के रंगों में सराबोर नजर आया।
आयोजन के दौरान स्कूल के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण और श्रीराधा रानी का मनमोहक रूप धारण कर आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं। कान्हा के बाल स्वरूप में सजे बच्चों ने अपनी मासूम अदाओं, नटखट लीलाओं और मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित सभी लोगों का दिल जीत लिया। बाल-गोपाल के जन्म से लेकर उनकी विविध बाल-लीलाओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा विद्यालय परिसर ‘जय श्री कृष्णा’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
विद्यालय के शिक्षकों ने इस अवसर पर कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक व धार्मिक आयोजनों से बच्चों को अपनी समृद्ध भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और महापुरुषों के आदर्श जीवन को करीब से जानने व समझने का सुअवसर मिलता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस भव्य एवं सफल आयोजन पर स्कूल के प्राचार्य साइमन रेक्स, निदेशक अरविंद कुमार सिंह व अशोक कुमार सिंह सहित शिक्षक विक्टर डेका, कुंदन राज, मंदीप कुमार, रामभरोस सर तथा शिक्षिका प्रीति मैम व कंचन मैम समेत समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।
